बुधवार, 29 अगस्त 2018

बहुत दिनों से कुछ लिखा नहीं था इस ब्लॉग पर।
अब सब कुछ इकट्ठा करके यहाँ लाया जाएगा।
जल्दी ही।



बुधवार, 8 मार्च 2017

मेरा जीवन इक खुली किताब है
हालांकि कुछ पन्नों को स्टेपल कर बंद कर रखा है
और कुछ पन्नों को फेविकोल से आपस में चिपका दिया है
हालांकि जीवन मेरा खुली इक किताब है
पर अब पन्नों की गिनती के चक्कर में न ही पड़ा जाए तो अच्छा
कुछ पन्ने तो फाड़ ही डालें हैं
कुछ पन्नों को आधा-अधूरा फाड़ा है इस चालाकी से कि कटे-फटे वे सुंदर दीखते हैं और क्यों फाड़े गए से संबन्धित प्रश्न पैदा नहीं हो पाते देखने वाले की आँख में
जो हो इक खुली किताब मेरा जीवन है
कुछ पन्नों पर जो लिखा था उसके ऊपर ही कुछ ऐसा लिख दिया है कि क्या लिखा था पढ़ा न जा सके
कुछ कारीगरी सी कुछ मॉडर्न आर्ट सा कुछ एब्स्ट्राक्ट सा डरावना सा गुंझल सा गड्ड-मड्ड सामने यूं आता है कि किताब पढ़ने वाला उन पन्नों को जस्ट लाइक नज़रअंदाज़ करके अगले पन्नों पर चला जाता है
है पर जीवन इक खुली किताब मेरा
किताब का कवर पुराना पड़ता जा रहा है
नए-नए दाग़-ए-निहाँ जड़ता जा रहा है
 झड़ता-सा जा रहा है फिर भी
पन्नों को बचाने का बहाना बनाकर खुद को ज़बरदस्ती उन पर मढ़ता जा रहा है
मगर कवर से आपको क्या
किताब तो खुली है
मत पढिए इसे मगर हवा के झोंको में इसके पन्नों को फड़फड़ाते देखिए
ज़िंदगी के अक्षर कैसे कई पन्नों को खाली और वीरान छोड़ घबराकर निकल भागते हैं अजूबा करिश्मा देखिए
 जी हाँ यही वो पन्ने थे जिन्हें बता तेरी रज़ा क्या है वाली बात से इंस्पायर होकर भरा जाना था बट इस या उस वजह से दीज़ पेजेज़ रिमेंड ब्लैंक
पॉइंट ब्लैंक
इनमें से कुछ पन्नों पर अक्षर बेचारे हाशिये पर इंतज़ार करते रहे पन्नों के बीच आने का छा जाने का
कुछ पन्नों के बीच आपको कुछ सूखे हुए फूल नज़र आएंगे
इनमें से कुछ फूल तो बिलकुल सूख चुके हैं
कुछ पर पानी डाल दो तो एक नर्सरी खड़ी हो जाए
न बाबा न
मगर एक बात सबमें कॉमन है
खुशबू सब में से अभी भी आती है साली
अपने प्रकाशक पर इतराती है लेकिन यह किताब जो दरअसल एक डायरी की तरह निकाली गई थी
इसीलिए कुछ पन्ने जो बचे हैं दिखाई खाली देते है मगर जनाब इनपर लिखा क्या जाना है मैं तय करूँ यह मेरे बस से बाहर की बात हो चुकी है हालांकि कलम जैसी कोई चीज़ अगर होती हो तो वो अभी भी मेरे हाथ में है।
जो भी हो
इतना तो ज़रूर कहूँगा
जीवन इक खुली किताब है मेरा

बुधवार, 20 मई 2015

मैं दर्ज कराना चाहता हूँ कि बतौर एक भारतीय मैंने खुद को कभी शर्मसार महसूस नहीं किया। अपनी तमाम विडंबनाओं और विशेषताओं के साथ जैसा भी है और था यह मेरा देश है। मेरी मिट्टी मेरा वतन। मेरी माँ। जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।

रही बात कुछ कमियों की, कुछ घटनाओं की,
तो उन पर मैं शर्मिंदा हूँ कि मैं उन्हें देखकर झेलकर चुपचाप इग्नोर करने का ढोंग रचते हुए टल जाता हूँ।

जब मैं सड़क पर बच्चो को भीख मांगते देखता हूँ मैं शर्मिंदा होता हूँ।

जब अपराधियों को पैसे के ज़ोर पर और ऊपर के लोगों तक पहुँच के ज़ोर पर खुलेआम घूमते देखता हूँ शर्मिंदा होता हूँ।

दंगों में लोगों को मरते देखता हूँ शर्मिंदा होता हूँ।

जब चपरासी-क्लर्क-बाबू के नेक्सस को लोगों की बेइज्जती करते देखता हूँ शर्मिंदा होता हूँ।

बीमार अस्पतालों
और बुनियादी सहूलतों से छूआछूत निभाते लापरवाह स्कूलों को देखता हूँ तो शर्मिंदा होता हूँ।

अल्पसंख्यकों को डरते देखता हूँ शर्मिंदा होता हूँ और जब उन्हें अल्पसंख्यक राजनीति का शिकार हँसते-खेलते होते देखता हूँ शर्मिंदा होता हूँ।

मुझे लगता है कहीं न कहीं मैं दोषी हूँ। शर्मिंदा होता हूँ कि मैं कुछ कर नहीं पाता।
मैं अगले चुनावों का इंतज़ार करता हूँ। वोट की ताकत का इस्तेमाल कर निज़ाम को बदल डालने के शेखचिल्लीपन में हल्का महसूस करता हूँ। मगर सच की ज़मीन पर आकर पता चलता है कि वही निज़ाम रूप बदलकर फिर कुर्सी पर बैठ गया है।

शर्मिंदा होता हूँ। बड़ा ही बेशर्म हूँ। सिवाय शर्मिंदा होने के मुझे कोई और काम ही नही। कितने कारण गिनाऊँ शर्मिंदा होने के। क्योंकि मैं स्वयं को सबका हिस्सा पाता हूँ इसलिए शर्मिंदा होने से बच नहीं पाता।

काश!! मैं शर्मिंदा होने या न होने
निज़ाम को कोसने
अपनी किस्मत पर रोने
और किसी हीरो को हमारे लिए जन्म लेने का इंतज़ार करने की बजाए
खुद खड़ा हो जाता
अपना योगदान कर पाता
फेसबुक पर अपनी शर्मिंदगी का ढ़ोल पीटकर लाइक जमा करने की चाहत रखने की बजाए
जहां कुछ ग़लत देखता वहाँ अड़ जाता
अपने साथ अपने जैसे दूसरों को भी पाता
काश मैं अपना इस्तेमाल न होने देता
काश मैं अपने अधिकार जानता और कर्तव्यों के बारे में जानकर उनका सही मायने में निर्वाह करता
मगर अपनी भावुकता को कुछ शब्दों में समेटकर पैकेजिंग कर देने के सिवाय शायद कुछ और आता नहीं
शर्मिंदा हूँ
लेकिन अपनी जननी जन्मभूमि पर नहीं
सच्ची संतान साबित नहीं कर पाने पर शर्मिंदा हूँ

मैं उन हमवतनों से क्षमा चाहता हूँ जो शर्मिंदा होने की बजाए चुपचाप अपना काम कर रहे हैं। उन सचेतकों से क्षमा चाहता हूँ जो जान की परवाह किए बगैर दूसरों के उन गुनाहों को सामने ला रहे हैं जिनकी वजह से देश को शर्मिंदगी उठानी पड़ती है परंतु उन गुनहगारों की रक्षा में कई बार पूरा सिस्टम खड़ा मिलता है और सचेतक निहत्था महसूस करता है।

लेकिन एक भारतीय होने पर मुझे गर्व है और मैं हर बार इसी धरती पर जन्म लेना चाहता हूँ.

बुधवार, 31 जुलाई 2013

वो ख़ुशी मिली के बस
अपने ख़ाली पर्स में जब
मुझे दस का नोट दिखा।
वो नहीं चाहता था मुझसे मुख मोड़ना
मेरी ओर तकते हुए पीछे वो हटता गया।
मैं उससे प्यार करता हूँ, पर
इक़रार नहीं कर पाता, क्योंकि
वो मेरी बीवी है ।

मंगलवार, 23 जुलाई 2013

बारिश में मैं 
भीग भी गया 
तो क्या 
छाते को तो भीगने से बचा लिया । 

                                           विजय सिंह