18 November 2018
भाईसाहब आप अकेले हैं?
18 November 2018
भाईसाहब आप अकेले हैं?
मुझे भारतीय संस्कृति पर गर्व है।
सब कुछ बाज़ार में तब्दील होता जा रहा है।
हम हर काम और उद्देश्य को मुनाफ़े के अभिप्राय से देखने लगे हैं और प्राइवेट सेक्टर का आगमन हर क्षेत्र में हो चुका है। ख़ासतौर पर हम आम लोगों का वास्ता सर्विस सेक्टर से अधिकाधिक पड़ता है। वहाँ प्राइवेट सेक्टर की मौजूदगी आश्वस्त करने के बजाय आतंकित करती है।
मिसाल के तौर पर अगर रात आठ या नौ बजे आप किसी बस स्टॉप पर खड़े हैं, तो इसकी पूरी संभावना है कि आप डीटीसी या अपने शहर की सरकारी बस की प्रतीक्षा कर रहे हों क्योंकि आपको मालूम है कि अब प्राइवेट बस अपने डिपो में जाकर खड़ी हो गई होगी। ज़ाहिर है मुनाफ़ा पीक (peak) आवर्स में ही है और सर्विस से ज़्यादा प्राइवेट वालों का सरोकार मुनाफ़े से है।
मज़े की बात यह है कि आपसे बात की जाए और आपके जनरल विचार जाने जाएँ तो आप प्राइवेटाइजेशन के समर्थक निकलेंगे।
प्राइवेट अस्पतालों और स्कूलों का हाल किसी से छिपा नहीं।
सरकारी अस्पतालों और स्कूलों में इमारतें अच्छी न हो, ऐसा हो सकता है और होता भी है। पर वे डॉक्टर और टीचर अनेक परीक्षाएं पास करने के बाद ही वहाँ जगह पाते हैं इसलिए मैक्सिमम क्वालिफाइड होते हैं।
देश में ऐसे लोगों की संख्या अधिक है जो प्राइवेट ट्रीटमेंट और एजुकेशन अफोर्ड नहीं कर सकते क्योंकि अधिकतर लोग साधनहीन हैं। अच्छा और समय पर इलाज केवल प्राइवेट में मिलता है यह मानने वाले बेचारे सर्वहारा जन अपनी ज़मीने बेचकर या गहने गिरवी रखकर या एफडी तुड़वाकर इलाज करवाने या शिक्षा हासिल करने आते हैं।
ज़ाहिर है ऐसे पैसा ख़र्च करके जो बच्चा एजुकेशन हासिल करेगा वह पहले अपना रिटर्न हासिल करना चाहेगा न कि देश और समाज की सेवा की नीयत से अपना योगदान देना चाहेगा। प्राइवेट से सीख कर निकला ऐसा कोई एक उदाहरण आपके पास है तो कमेंट में लिखिएगा।
प्राइवेट अस्पतालों में इलाज का एक रास्ता मेडिकल इंश्योरेंस से होकर भी गुज़रता है। लेकिन उसका प्रीमियम भरने लायक पैसे से अधिक आपके पास उस तरह सोचने की सलाहियत यानी इंश्योरेंस माइंडेडनेस आपके पास होनी चाहिए जो एक बड़े तबके के पास नहीं है।
क्योंकि नौकरियाँ कम से और कम होती गई हैं और बिज़नेस अपार्चुनिटीज़ कठिन से और कठिन। इसलिए आदमी रोज़ाना के अपने सरवाइवल के बारे में सोचेगा, मेक बोथ एंड्स मीट (making both end meet) के बारे में सोचेगा या फ्यूचर के ख़तरे के लिए सेविंग करने के बारे में? यह सेविंग गुल्लक या बैंक खाते तक ही सीमित रहती है और अब तो बैंकों का हाल भी बुरा है।
बिज़नेस अपार्चुनिटीज़ के कठिनतर हो जाने की जो बात मैंनें की शायद आप उससे सहमत न हों। क्योंकि कहा जाता है कि मौजूदा निज़ाम व्यापार के मौक़े बढ़चढ़कर दे रहा है। इन लोगों ने तो रक्षा क्षेत्र को भी निजीकरण के लिए खोल दिया है।
चलिए मैं आपकी बात मान लेता हूँ। लेकिन अगर मैं कोई दुकान खोलूँ और सरकार मुझे पूरी सहायता दे भी दे उस दुकान को खोलने में, तो भी प्राइवेटाइजेशन के दौर में मेरा मुक़ाबला बड़ी दुकान से है। मॉल कल्चर पसरता जा रहा है और अंततोगत्वा वह दिन दूर नहीं जब मुझे अपनी दुकान किसी मॉल में खोलनी पड़े जहाँ दुकान का पर डे (per day) किराया ही आपके लिए चुकाना भारी पड़ जाए।
कुल मिलाकर हो यह रहा है कि बड़ी मछली छोटी मछली को खा जाएगी और खा रही है और हम जो अधिकतर छोटी मछलियाँ हैं, इसे सही ठहरा रहे हैं यानी हम अपनी संस्कृति से विमुख होते जा रहे हैं। अपने जीने के अधिकार को ख़ुशी-ख़ुशी छोड़ रहे हैं आख़िर हो क्या गया है हमें?
सरकार को हम उसकी हर ज़िम्मेदारी से विमुख करते जा रहे हैं न जाने किस उद्देश्य की पूर्ति के लिए!
पढ़े-लिखे लोग इसे रिफ़ॉर्म्स कह रहे हैं।
अगर सब कुछ प्राइवेटाइज़ होता गया तो क्या एक दिन पुलिस भी प्राइवेटाइज़ हो जाएगी?
अगर ऐसा हुआ तो कैसा होगा वह समय और समाज?
ऐसी पुलिस की दुकान के कस्टमर कौन होंगे?
अपराधी?
अगर हम सीधे-सादे लोग पुलिस के कस्टमर कहलाएँ तो क्या पुलिस हमसे प्रोटेक्शन मनी लेगी? यानी हफ्ता वसूलेगी!!!
मान लीजिए एक युवती प्रोबैबल (probable) बलात्कारियों से बचते हुए सड़क पर भाग रही है। एक प्राइवेट पुलिस वाला उसे दीखता है। वह उससे रक्षा की याचना करती है और पुलिस वाला पहले उसे प्रॉटेक्शन चार्जेज़ के लिए ऑनलाइन पेमेंट करने को कहता है, तो ऐसा समाज कैसा समाज होगा?
जिन्हें मैंने ऊपर प्रॉबैबल बलात्कारी कहा है, किसी रजिस्टर्ड एंटिटी (entity) के लिए वे प्रॉमिसिंग बलात्कारी भी हो सकते हैं।
सारी मर्यादाएँ और मूल्य तथा जज़्बात केवल नफे और नुकसान में सिमटकर रह जाएँगे।
फिर भी टैक्स बढ़ते जाएँगे और हमारे इलेक्टेड रेप्रेज़ेंटेटिव्ज़ प्राइवेट वालों के दल्ले बनकर लुटियंस के बंगलों में रंगीन रातें गुज़ारेंगे और हम इसे देश के लिए सही मानते हुए चुपचाप होम हो जाएँगे।
ऐसे अच्छे दिनों की सरहद में हम दाखिल हो चुके हैं।
एक सेलेक्टर था।
उसे कहा गया कि तुम सेलेक्टर हो यह बात तुम्हारे और हमारे (यानी तुम्हें सेलेक्टर गर्दानने वाले) के सिवा किसी और को पता नहीं चलनी चाहिए।
सेलेक्टर ने कहा - ओके।
वैसे यह बात सेलेक्टर को भी सूट करती थी। हालांकि दुनिया को बताकर थोड़ा अपनी अकड़ वग़ैरह क़ायम करने का लोभ उसे था, पर उसने अपनी फनटूश इच्छा को क़ाबू किया कि अभी किसी को न बताना ही सही है कि मैं सलेक्टरों की जमात में हूँ।
मुंशी प्रेमचंद की कहानी 'पंच परमेश्वर' पढ़ चुके, नये-नये सेलेक्टर बने सेलेक्टर ने जैसे ही सेलेक्शन का काम शुरू किया उसके पास सेलेक्शनेच्छुकों के फोन आने लगे।
सेलेक्टर चकराया।
जब उसने ख़ुद किसी को बताया ही नहीं कि वह सेलेक्टर है और ज़ाहिर है कि अधिकारियों ने भी किसी को बताया न होगा कि वह सेलेक्टर है क्योंकि अधिकारियों ने तो ख़ुद ही मना किया था किसी को बताने को कि वह सेलेक्टर है!!
फिर चयनातुरों को कैसे पता चल गया कि वह चयनकर है, मामला भयंकर है!!!
उसे माजरा समझ न आया।
आपको समझ आया?
#एक्सटेंशनकाउंटर्स
10 नवंबर 2019
फेसबुक पोस्ट पढ़कर पता चला मेरे दोस्त पुंजु का नाटक आगामी भारत रंग महोत्सव के लिए सेलेक्ट न हो पाया।
इस रिजेक्शन का मुझे व्यक्तिगत अफ़सोस है।
पुंज निर्देशित पटकथा देखा है मैंने। मुझे अच्छा लगा था।
पर सेलेक्ट न होने पर हो क्या सकता है?
सेलेक्टर्स से हर वो आदमी नाख़ुश होगा ही जिसका सेलेक्ट नहीं हुआ।
इस बार के ख़ुद सेलेक्टर्स भी अगले वर्ष जब अपने नाटक भरेंगे और रिजेक्ट होंगे तो सल्लनी रिसेंटियाएँगे।
रिजेक्शन का लॉजिक जो सब पर एक सा हो दिया जा सकता है।
पर ऐसा कहाँ होता है?
आपने कहीं देखा है ऐसा?
या फिर जामुन के पेड़ वाला अंडरकरेंट लॉजिक अॉटोमैटिकली एक्सेप्ट काय को नहीं कर लेते जी!
किसी फेस्टिवल इत्यादि में आपका नाटक आना-नाना आपके नाटक की श्रेष्ठता की गारंटी तो नहीं हो सकता।
वैसे भी नाटक की श्रेष्ठता के तय पैमाने नाटक को मार देने के लिए काफ़ी हैं, चाहे वे नाटक वर्ल्ड टुअर ही क्यों न कर मारें।
क्या किसी ऐसी संभावना पर काम किया जा सकता है कि रिजेक्टेड नाटकों का भी एक फेस्टिवल हो?
लेकिन रिजेक्टेड नाटक भी सब-के-सब नहीं लिए जा सकते। उनमें से भी कुछ सेलेक्ट करने पड़ेंगे और उसके लिए फिर एक सेलेक्शन कमेटी बनानी पड़ेगी।
छोड़ो यार!!
9 नवंबर 2019
रूप कला पिक्चर्स के बैनर तले बनी, 1958 में आई राजकपूर और महमूद की फ़िल्म परवरिश में महमूद साहब अँडर-यूटिलाइज़्ड हैं। फ़िल्म की नामावली में भी उनका नाम छठे नंबर पर है। सागर उस्मानी लिखित इस फिल्म में माला सिन्हा और ललिता पवार प्रभावित करती हैं।
2 अक्तूबर 2019
मालूम तो है ही आपको के फ़ेसबुक अपनी बात लोगों तक पहुँचाने का अच्छा माध्यम है। इस मंच से दूसरों की बातें सुनी भी जा सकती हैं जैसे इस समय आप सुन रहे हैं।
पोस्ट डलते ही आम हो जाती है इसलिए बहुत सोच-विचार कर पोस्ट डाली जाती है। कभी-कभी तो इसीलिये पोस्ट लिखने में सुबह से शाम हो जाती है या फिर हो जाती है शाम से सुबह।
यह सब फक़त लाइक्स के लिए बीस-तीस? नहीं जी! यह आपकी ओपन डायरी भी तो हो जाती है!
आपको मालूम है कि अगर मैं अपने बारे में बात कर रहा हूँ तो आप सब को बताने के लिए कर रहा हूँ। या फिर कोई राजनीतिक पोस्ट वग़ैरह अपने आकाओं को ख़ुश करने के लिए डाल रहा हूँ। या किसी एक मुद्दे पर अपना नुक़्ता-ए-नज़र पेश कर रहा हूँ। कई बार जब बात कहने में मुश्किल होती है और किसी और ने कह दी होती है या किसी की पोस्ट आपको अच्छी लग जाती है तो आप उसे शेयर कर डालते हैं। ताकि ज़्यादा-से-ज़्यादा लोगों को पता लगे।
लेकिन पिछले दिनों मैंने देखा कि बाज दफ़े ऐसी पोस्टें भी डाल दी जाती हैं जो किसी एक व्यक्ति को टारगेट करके लिखी जाती हैं। उसका पब्लिक से मतलब नहीं होता फिर भी डाल दी जाती हैं।
वह व्यक्ति आपकी फ्रेंड लिस्ट में होकर भी आपका फ्रेंड नहीं होता। बट ही इज़ नॉट अ घोषित दुश्मन आल्सो।
तो वह पार्टीकुलर पोस्ट उसी व्यक्ति को व्हाट्सऐप या एसएमएस के माध्यम से क्यों नहीं कही गई?
चूँकि वह बात नुक़्ताचीनिकल या निंदाने वाली होती है, उस व्यक्ति को सीधे-सीधे नहीं कही जाती।
याई के मारे फेसबुक पै पोस्ट डारैं।
मुझे मालूम नहीं अब भी यह ट्रेंड है के नहीं, पहले शहर की दीवारों पर इफ़रात से कुछ वाक्य लिखे मिलते थे जैसे
रिश्ते-ही-रिश्ते मिल तो लें 28 रैगरपुरा, करोलबाग़ दिल्ली।
खोई हुई जवानी व भरपूर ताक़त दोबारा प्राप्त करें अशोक क्लीनिक, आज़ाद पुर या ख़ानदानी शफ़ाख़ाना, दरियागंज।
इत्यादि।
ऐसे कई वाक्य दूर तक हमारा पीछा करते, और कभी-कभी तो सामने आकर खड़े हो जाते। अगर मैं ट्रेन से कहीं जाता तो देखता रास्ते में ट्रेन की खिड़की से जो भी दीवार दिखाई देती, उस पर उपरोक्त दोनों वाक्य जुगलबंदी कर रहे होते। एक और वाक्य किसी सीमेंट और किसी सरिये के बारे में था। इन वाक्यों से मेरा कोई मतलब न होने पर भी सामने दिखाई दे जाने पर मुझे इन्हें पढ़ना पड़ता और धीरे-धीरे मैं यह समझने लगा कि ख़ानदानी शफ़ाख़ाने का रास्ता 28 रैगरपुरा से होकर गुज़रता है। और उसके बाद ओनिडा टीवी, सीमेंट और सरिये का काम पड़ता है।
एक शहर को लांघती गाड़ी दूसरे शहर में प्रविष्ट होती लेकिन यह वाक्य गाड़ी के साथ-साथ चलते और गाड़ी की लंबाई से भी लंबे हो जाते। मुझे लगता कि सुदूर दक्षिण और नॉर्थईस्ट में भी कहीं यही कुछ चंद वाक्य लिखे न मिल जाएँ।
कहीं यही वाक्य तो नहीं थे जो पूरे देश को एक सूत्र में बांध रहे थे!
स्कूल-कालेजों के बाथरूमों, बाहर की दीवारों, गार्डनों के दरख़्तों पर एकाध ऐसा वाक्य लिखा मिलता था जिसे पढ़कर पता चलता था फलाँ लड़का फ़लाँ लड़की से प्यार करता है। या आय लव यू फलाँ लड़की। इन दो-तीन शब्दों के बीच में या इधर-उधर दिल का निशान भी बना होता था, और अधिकतर दिल के बीच में से तीर गुज़रते हुए दिखाया जाता। यह बहुत सफ़ाई से किया गया काम होता कि लगता गोया लिखने वाला प्रेमी नहीं कला-प्रेमी है, या फिर टू-इन-वन है।
मैं अक्सर सोचता कि फलाँ लड़का फलाँ लड़की के प्रति प्यार के अपने स्वीकार को दीवार पे काय कू लिख रहा है? अबे अगर तुझे प्यार है तो उस लड़की को जाकर बता न! जैसे कुछ लोग दीवार को स्वजलधारा से सिंचित करते हैं तुम कोयले से उसकी सुँदरता बढ़ाना चाहते हो!!!
ख़ैर!
बैक टू फ़ेसबुक।
अभी मनीष जोशी (हिसार वाले) की एक ऐसी पोस्ट देखी जिसमें उन्होंने एक व्यक्ति जिसे वो बड़ा ड्रेक्ट्र समझ रहे थे, वह चोर निकला का उलाहना अपनी पोस्ट के माध्यम से दिया है। लेकिन उन उलाहना रिसीवर का नाम अपनी पोस्ट में नहीं लिखा। मैं दुआ करता हूँ, उन उलाहना रिसीवर जी ने उस पोस्ट को पढ़ लिया होगा और विदाउट ऐनी ऐम्बिगिटी उसे स्वीकार या अस्वीकार चुपके से कर दिया होगा। वैसे भी, व्यक्ति को अपनी सफलता को ऐग्रीगेट करना चाहिए न कि चोरी जैसी छोटी-मोटी बातों पर रिग्रेट करना चाहिए।
इस पोस्ट और ऐसी कई अन्य मितरों की आइडेंटिकल पोस्टें पढ़कर कुछ-कुछ मायने समझ में आते हैं जिनका मनीष जोशी हिसार वाले से कोई स्ट्रेट ताअल्लुक़ न माना जाए।
जनरली इसके दो (या शायद तीन-चार) फ़ायदे होते हैं।
एक तो यह कि अमुक को अपनी बात कहकर देल्ल (दिल) नूं ठंड पै गी, और कौनो नुकसनवा भी नहीं हुआ।
और यह भी कि 'मइ किस्सी से डरता नक्को साफ़-साफ़ कैने वाला आदमी ऊँ' का भाव भी बना रहता है। साथ ही बंदे तक बात भी पहुँच जाती है और उससे (रि)लेशनशिप भी क़ायम रहती है। कल को आप आसानी से कह सकते हैं - मैंने आपके लिए थोड़े ही कहा था जी!!
या हो सकता है ऊपर जो बातें मैंने कही, वैसा न होता हो बल्कि कुछ और ही होता हो।
इस पोस्ट, और दीगर पोस्टों को पढ़कर कछु और मायने बी सम्ज आ रे ऐं पै दिल कै रा ऐ
ओ छड्ड वी यार हुण!!
और जब अनेक मिट्रों की ऐसी पोस्टें देखीं तो मैंने सोचा क्यों न मैं भी ट्रेंडी बन फेसबुक में विचरण करूँ और ऐसी पोस्ट डालूँ!! निंदा वाली नहीं तो न सही, कुछ और सही।
तो दोस्तो
मेरी वैसी ऐसी पोस्ट यह रही -
आज शाम साढ़े छह बजे रिवोली सिनेमा पर मिल जाना।