मंगलवार, 8 दिसंबर 2020

 मैं तुम्हारी बात मानूँगा

तुम मेरी बात मानोगी


इसका मतलब 

हम दोनों एक-दूसरे की बात

नहीं मानेंगे।


8 December 2018

सोमवार, 7 दिसंबर 2020

दावा और हक़ीक़त

मैंने उससे कहा कि मैं तुम्हारे लिए चाँद तारे तोड़ लाऊँगा। वो बोली तोड़ लाओ। अब मुसीबत मेरी शुरू हो गई। इत्ती दूर जाएँ कैसे? इसरो से सेटिंग की। उनका वाला एक हवाई जहाज़ किराए पर लिया। फुल स्पीड पे उड़ाया। लेकिन जब तारों के पास पहुँचा तो पृथ्वी वहाँ से ओझल हो चुकी थी। और जो तारे पृथ्वी से मोतियों जैसे लग रहे थे, अब नज़दीक जाकर पता चला कि एक-एक तारा पृथ्वी से लाखों गुना बड़ा है। तारे भरने के लिए जो झोला ले गया था उसे ख़ाली ही लेकर वापिस आ रहा हूँ लेकिन समझ नहीं आ रहा कि ये पृथ्वी कौन से रूट पर है।


6 December 2020

Ajay Rohilla, Arun Kumar Kalra and 43 others
20 Comments
Like
Comment
Share

गुरुवार, 3 दिसंबर 2020

मैं शक्ति की ओर नहीं


3 दिसंबर 2017


 शक्ति मेरी ओर नहीं है


आराधन में रह गया अभाव

न हो पाई मौलिक कल्पना


दरअसल युद्ध जैसा कुछ मैंने माना ही नहीं

जो भी था संघर्ष

थोपा गया था मुझपर 


राम नहीं था मैं

और मेरी सीता मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ रही जीवन समर है


फिर क्योंकर करता मैं शक्ति की आराधना


वह शक्ति जो रावण के पास है

रहे

करे वह राज

काज मेरा केवल छोटा सा

जीवन सार्थक जीना


शक्ति आप केवल आराधन से होतीं प्रसन्न। चाहे रावण ही क्यों न हो आपका आराधक

तो क्षमा करें

आप चाहे किसी की भी ओर रहें


मैं आपकी ओर नहीं हूँ।


(राम की शक्ति पूजा पढ़ते हुए)

बुधवार, 2 दिसंबर 2020

 धीरे-धीरे दुख

मुझमें पैठता जाता है


अकेले ही

पीने में ज़हर का प्याला

मज़ा आता है।

2 December 2017

सोमवार, 30 नवंबर 2020

डिजिटल धोखा

 लेट था।

फिर भी सोचा ईएमयू कोई मिल जाए तो अच्छा हो।

अॉटो के पैसे बच जाएंगे।


काफ़ी देर तुग़लकाबाद दिखाकर व्हेयर इज़ माई ट्रेन ऐप ट्रेन को ओखला दिखा रहा था।

यानी ट्रेन निज़ामुद्दीन आने वाली थी। 

 

घर से दो किलोमीटर होगा रेलवे स्टेशन। तेज़-तेज़ पैदल चलकर, रिक्शा के पैसे बचाकर निज़ामुद्दीन पहुँचता हुआ मैं मालगोदाम के शॉर्टकट रास्ते से  स्टेशन में दाखिल हो रहा था।


मेरे और प्लैटफॉर्म दो के बीच खड़ी थी मालगाड़ी।

जोखिम लेकर पटड़ी-पटड़ी होता हुआ और न जाने किन-किन वस्तुओं से बचते-बचाते  प्लैटफॉर्म 2 पर पहुँचा ही था कि

ऐप ने नया अपडेट दिखाया।


गाड़ी निज़ामुद्दीन पार कर प्रगति मैदान पहुँच चुकी थी। 


यानी ऐप में निज़ामुद्दीन का ज़िकर ई कोई नी!! अपडेट करने वाला चला गया होगा चाय पीने। इस बीच रेलगाड़ी छलांग लगाकर ओखला से सीधे प्रगति मैदान पहुँच गई - बोल पवनपुत्र हनुमान की जै!!


उपन्यास राग दरबारी के पात्र रंगनाथ की याद हो आई जिसकी रोज़ 2 घंटा लेट आने वाली पैसेंजर आज मात्र डेढ घंटा लेट होकर ही चल दी थी। 


पर मेरे पास तो गाड़ी की स्थिति बताने वाला ऐप था जिसे मैं पल-पल देखता हुआ, आशा भरे क़दमों से स्टेशन की ओर बढ़ रहा था। निज़ामुद्दीन स्टेशन पर मेरे दाखिल होते तक जो ऐप ट्रेन को पिछले स्टेशन यानी ओखला शो कर रहा था, वह अब अचानक से प्रगति मैदान शो करने लगा। 

बोले तो गाड़ी ने फोर-जी की स्पीड को भी मात दे दी।  


डिजिटल धोखा खाया

मजबूरी में अॉटो ही से दफ्तर आया।

30 November 2018

मंगलवार, 24 नवंबर 2020

ट्रेन में अकेले यात्रा

18 November 2018

भाईसाहब आप अकेले हैं?

जी हाँ
आप प्लीज़ मेरे हसबैंड की जगह ले लीजिए।
जी!!!????
मेरा मतलब मेरे हसबैंड की सीट दूसरे कोच में है, हम दोनों यहाँ साथ बैठ जाएँगे।
देखिए, अभी सामान सेट किया ही है मैंने।
आप ही वहाँ क्यों नहीं चली जातीं?
सर वहाँ कोई अकेला नहीं है जिससे सीट स्वैप की जा सके।
प्लीज़!!!
चलिये ठीक है।
मेहरबानी भाईसाहब।
सी-नाइन सिक्स्टी फाइव।
विंडो सीट है।
जी। विंडो सीट की बड़ी सौग़ात बख़्शने के लिए शुक्रिया।
वैसे मैं बता दूँ, मैं अभी कोच सी-नाइन ही से यहाँ सी-फ़ाइव में आया हूँ। सीट नंबर सिक्स्टी-थ्री से।
वहाँ पिछले स्टेशन पर चढ़े एक बुज़ुर्ग ने मुझसे यहाँ सी-फाइव में आने की रिक्वेस्ट की थी।
मेरी ओरिजनल अलॉटेड सीट सी-फोर में थर्टी-सिक्स थी।
आप देख ही रही हैं इंजन से कितना दूर है यह और इसके पीछे वाले डिब्बे।
एस्केलेटर तो पहले प्लैटफॉर्म पर ही ठहरा। घरवालों के अरमानों जैसा हैवी लगेज लेकर प्लैटफॉर्म-थ्री की सीढ़ियाँ अपने आप उतरनी पड़ीं।
ऊबड़-खाबड़ प्लैटफॉर्म पर डगमगाते अपने सूटकेस को ड्रैग करके, आधे लेटे आधे बैठे और बाक़ी टकराने को ऐंवेंई रास्ते में आते अपनी गाड़ी की इंतज़ार में गड़े मुसाफिरों को क्रॉस करके लगभग 12 डिब्बे पार करके सी-फोर तक आया था और ज़ोर लगाके हइसा के उद्-घोष के साथ सूटकेस चढ़ाकर और धकियाकर अपनी सीट पर पहुँचा ही था।
देखा कि मेरी सीट पर एक आंटीजी पहले से ही विराजमान थीं।
पसीना भी सूखा न था मेरा। गाड़ी चल दी थी।
आंटीजी के निवेदन पर सी-नाइन जाना पड़ा। वहाँ से यहाँ सी-फ़ाइव और अब फिर से सी-नाइन। बोले तो सफ़र के अंदर सफ़र एंड सफ्फर।
इन सब निवेदनकर्ताओं की आँखों में देवलोकीय कातरता थी। उम्मीद करता हूँ, अब आइ विल फेस नो मोर निवेदंस। बीच के डिब्बों वाले यात्री मॉब लिंचिंग की एक गोल्डन अपॉर्चुनिटी की तरह मुझे देखते हुए लार टपका रहे हैं।
मोरल अॉफ़ द स्टोरी -
ट्रेन में अकेले यात्रा न करें।

सोमवार, 23 नवंबर 2020

मेरी संस्कृति और गर्व

 मुझे भारतीय संस्कृति पर गर्व है।

लेकिन यह गर्व मैं दिखाऊँ कैसे?
क्या हाथ में तलवार लेकर निकल पड़ूँ और जो मुझसे सहमत नज़र न आए काट डालूँ उसे? हत्या कर दूँ उसकी?
कहूँ कि जब मुझे अपनी संस्कृति पर गर्व है तो वही और वैसा ही गर्व तुम्हें भी अपनी संस्कृति पर क्यों हो बे?

20 नवंबर 2020