बुधवार, 22 दिसंबर 2021

22 December 2019

 (पता नहीं लोग फोटोग्राफ को छायाचित्र क्यों कहते हैं, शायद इसके पीछे 'संसार माया है' नामक दर्शन होगा। फिलहाल मैं फोटोग्राफ को प्रकाशचित्र कहना चाहूँगा, बट दिस पोस्ट इज़ अबाउट समथिंग एल्स)


चेन्नै विमानतल पर बाहर आते हुए नटराज की प्रतिमा दीखते ही मैं स्वयं को आत्मिक सौंदर्यानुभूति में निमग्न पा रहा था।


पैठने को ही था मैं कि अचानक मुझ अकिंचन को श्रद्धा के क्षीरसागर से बाहर खींचकर डोलायमान भवसागर में अवस्थित कर दिया स्वार्थियों ने।


कुछ सहकर्मी नटराज प्रतिमा के साथ प्रकाशचित्र खिंचवाना चाह रहे थे। तो मेरे हाथ में अदृश्य शाश्वत जपमाल के स्थान पर स्थूल क्षणभंगुर मोबाइल पकड़ा दिया गया और मेरा फोकस बदल गया।


मेरे हृदय में सदा से निवास करते आए नटराज की पुनराच्छादित छवि किसी तरह सहेजता मैं हवाई अड्डे से बाहर आया लेकिन बाहर आते ही संसार की मोहमाया का कोलाज मन के तानेबाने में पुन: उभरने लगा।


तीन-दिवसीय नाट्यशास्त्र उत्सव की अंतिम संध्या में समापन-संबोधन के लिये सोनल मानसिंह जी आमंत्रित थीं। उन परम् विदूषी को सुनते हुए नटराज की छवि अपनी भव्यता के साथ मेरे हृदयपटल पर पुन: उत्कीर्ण होने लगी।


सोनल जी ने जो कुछ कहा जस-का-तस तो याद नहीं, किंतु जो मुझे समझ आया वह यह था कि नटराज के प्रथम पग में ही तीनों लोक नप गए और दूसरा पग धरने के लिए कोई स्थान न मिलने के कारण दूसरा पग उठा ही रह गया।


यह सुनकर एक भव्य विराटता का आभास मुझे हुआ। इस विराटता से भय और भक्ति दोनों भाव उत्पन्न हुए मुझ निर्लज्ज के मन में।


भय कितना था और भक्ति कितनी इसकी ठीक-ठीक नापतौल कर न पाया, संभवतः इसलिए क्योंकि यह अंतस् में सूक्ष्म जगत् के झंझावाती समुद्र में आते-जाते भाव थे। स्थायी भाव तो शांत सरोवर में ही संभव है जब ध्यानावस्था में बैठता है साधक।


यह साधक किसी गुफा या हिमालय की कंदरा में बैठने वाला पापुलर परसेप्शन वाला साधक नहीं, जो कहने को तो संन्यास धारण करता हो किंतु रीसेटल हो जाता हो मठेंद्र बनकर।


इस संघर्षशील संसार में अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करते हुए, बुद्ध होने की ओर अग्रसर साधक की बात हो रही है यहाँ।


उत्सव समापन के अगले दिन दोपहर के बाद मैं निकल पड़ा एक-दिवसीय पुदुच्चेरी दौरे के लिए जो कि मेरा पूर्वनिर्धारित निजी कार्यक्रम था।


मुझे बताया गया चिदंबरम् पुदुच्चेरी से कोई एक घंटे के सफ़र जितना ही दूर है। सो अपन वहाँ से चल पड़े सीधे चिदंबरम् के दर्शनार्थ।


मुझे बताया गया कि पंचभूतों (वायु, अग्नि, जल, पृथ्वी, आकाश) में निवास करने वाले महादेव, आद्य गुरू शंकर पिता यहाँ अर्थात् चिदंबरम् में आकाश रूप में, नटराज रूप में विद्यमान हैं। 


यह सुनकर एक पल को मैं चकित रह गया। चेन्नई विमानतल पर नटराज मूर्ति के दर्शन से लेकर कलाक्षेत्र  में सोनल जी के संबोधन तक, सब घटनाएँ अब मुझे संकेत प्रतीत हुई भगवान शिव के इस रूप के दर्शन निमित्त।


जी चाहा कि कहूँ - 'मुझे पिता शिव-शंकर ने बुलाया है'। किंतु मैं कह न सका। 


जब से ‘मुझे माँ गंगा ने बुलाया है’ नामक वक्रोक्ति सुनी है तब से बहुत से शब्दों और वाक्यों - जिनमें से कईयों पर से पहले ही उठा हुआ था, भरोसा उठ गया है जैसे, संविधान का पालन, मैं देश नहीं बिकने दूँगा, देशभक्ति, बहुत हुआ नारी पर वार, न्यायपालिका की निष्पक्षता, आदि। राम समेत सभी श्रद्धा प्रतीक साम्प्रदायिक सत्ता की भेंट चढ़ चुके हैं। अगर कोई हर हर महादेव का उच्चार करता है तो सुनने वाले उसमें कुछ और ही सुन लेते हैं और ऐसे लोगों को पुदुच्चेरी से वणक्कम करना पड़ता है। 


आंगिकम् भुवनम यस्य

वाचिकं सर्व वाङ्ग्मयम

आहार्यं चन्द्र ताराधि

तं नुमः (वन्दे) सात्विकं शिवम्


जब से उपरोक्त शिव-स्तुति को सुना-जाना था, आराध्य शिव के इस रूप के दर्शनों की इच्छा प्रगाढ़ होती गई थी। 


किंतु मुझ अन्जान को यह न पता था कि वे इस स्वरूप में चिदंबरम् में विद्यमान हैं। 

और चिदंबरम् पुदुच्चेरी से मात्र एक घंटे की दूरी पर है 

और जब से चेन्नई उतरा हूँ वे किसी-न-किसी संदर्भ द्वारा अपने भाव से मुझको आलोकित करते आ रहे हैं, कि।


मंदिर के विशाल प्रांगण में प्रवेश करते हुए मेरा भयशून्य चित्त वंदन-ध्वनि से तरंगित हो रहा था। 


विस्तीर्ण प्राचीरें, अट्टालिकाएँ, प्रासाद मुझमें एक आश्वस्ति का भाव उत्पन्न कर रहे थे। भवन निर्माण की अनुपम कला का विराट उदाहरण मेरे सम्मुख था। 


मंदिर में अंदर जाते हुए मन में प्रभु दर्शनों की उत्कंठा बढ़ती जा रही थी। और वह क्षण आया जब मैं मुख्य मंदिर के ठीक सामने था। भगवान जिस गर्भ गृह में सुशोभित थे। उसके बाहर बरामदा था और यह सब एक बड़े लगभग पाँच फुट ऊँचे चबूतरे पर था। चबूतरे के बाहर परिक्रमा मार्ग था और इसके इस पार नटराज प्रभु की मूर्ति के ठीक सामने हम दर्शनों की अभिलाषा में हाथ जोड़े अनारक्षित सर्वहारा जन के समूह में सम्मिलित हो गए। 


हमने देखा कि कुछ लोगों को चबूतरे (कनकसभा) पर जाने की आज्ञा है। पूछने पर मालूम हुआ कि कुछ राशि देकर (रु. 100/-  प्रति व्यक्ति) हम लोग भी कनकसभा में जाने के अधिकारी हो जाएँगे।


मुझे झटका-सा लगा। अपने प्रभु के दर्शन के लिए मुझे पैसा देना पड़ेगा!! चलिए मैं तो दे भी दूँगा और मेरे जैसे कई और भी होंगे। पर जो नहीं दे सकते उनका क्या!! 


क्या वे ईश्वर के दर्शनों के अधिकारी नहीं!! 


बात छोटी-सी ही थी पर जैसे मुझे किसी 'सत्य' का साक्षात्कार करवा रही थी। 


दूध जैसा झक्क चिट्टा मन था मेरा उनकी आलोकित छवि को समो लेने के लिए।


महादेव के दर्शनों को उतावले थे नैन पियासे। 


किंतु पैसे की बात सुनते ही जैसे दूध में किसी ने चायपत्ती डाल दी हो। चाहे थोड़ी-सी ही सही, पर दूध का रंग जैसे जाता रहा और बेशक़ वह अब भी दूध था बिना पानी मिला पर दही या मक्खन अब उसमें से न निकल सकता था। 


इस पैसे देने के मामले ने दो काम किए - 

पहला :  मुझे दर्शन का अधिकारी केवल इस बिना पर बना दिया गया कि आइ कैन अफोर्ड इट मॉनिटेरिली। 


दूसरा :  एक फीजिकल या लिटल जियोग्राफिकल दूरी पर भावभीनी श्रद्धा में हाथ जोड़े खड़े भक्तों जिनमें बच्चे, बड़े, बूढ़े, पुरुष-स्रियाँ, सम्पन्न-विपन्न सभी शामिल थे, का जो सरोवर बन रहा था उससे मैं दूर हो गया। कनकसभा में एक ऊँचाई पर खड़ा उन भक्तों को इग्नोरिंगली मैं देख रहा था और न चाहते हुए भी यह भाव मुझमें आ रहा था कि मैं उनसे अलग हूँ, शायद श्रेष्ठ हूँ, बिकॉज़ आइ कैन पे और रादर चोज़न टू पे। 


अब मन प्रैक्टिकैलिटी की ओर उन्मुख हुआ और मेरे 'श्याम मन' को ज्ञान देने लगा कि अरे मूर्ख जब पइसे दिए हैं तो आगे बढ़कर दर्शन कर। किंतु सौ रुपये दे देने के बाद भी हमारी पहुँच गर्भगृह के द्वार से कुछ बाहर तक ही थी। यानी इत्ते पैसे में इत्ता ही मिलता है। 


गर्भगृह के अंदर तो केवल पुजारी जाते हैं। आरक्षण इसी का नाम है।


मुख्य मूर्ति के कक्ष में आधुनिक आविष्कृत विद्युत आपूर्ति से चमत्कृत बल्ब अथवा ट्यूबलाइट नामक उपकरण अनुपस्थित थे और दीये के हिलजुल प्रकाश में किंचित् दृश्यमान मूर्ति के दर्शन बहुत कठिनाई से हो पा रहे थे। नटराज महाराज को आभूषण और फूलमाला से कुछ इस प्रकार अलंकृत किया गया था कि मन में बसी मूरत और सामने खड़ी प्रतिमा का मिलान करना बहुत कठिन लग रहा था। 


इतनी दूर से आकर भी, ईश्वर के इतने निकट पहुँचकर भी आस निरास भयी!! उनके उठे हुए पग को देखने का प्रयास निष्फल रहा क्योंकि दीये का प्रकाश आभास मात्र ही उत्पन्न कर पा रहा था। 


एक बात अच्छी हुई, कि विश्व में केवल यहीं स्फटिक शिवलिंग के दर्शन होते हैं और मैं जिस समय कनकसभा में प्रविष्ट हुआ स्फटिक शिवलिंग पर दूध, दही, घी, चावल इत्यादि अर्पित किए जा रहे थे। और कुछ ही समय पश्चात शिवलिंग को एक स्वर्ण मंजूषा में रख गर्भगृह में ले जाया गया। अब हमें कनकसभा से प्रस्थान करने की आज्ञा दी गई जिसका हमने पालन किया और नीचे उतरकर परिक्रमा-उपरांत नागरिक समूह में सम्मिलित हो गए। आरती के स्वरों, घंटानाद और समवेत गान से मंदिर प्रांगण गुँजायमान हो उठा और नटराज भगवान के जो दर्शन उतने सहज 'अप क्लोज़' नहीं थे, उस 'डिस्टंस' या दूरी से कुछ अधिक संभव जान पड़े। 


मुझे याद आया इसी वर्ष अप्रैल में मथुरा में द्वारकाधीश मंदिर में भी दर्शनों का कितना लोचा हुआ था। भगवान की मूर्ति के ठीक सामने आकर दर्शन करने के लिए गलियारा बंद था, बस दोनों तरफ़ की रेलिंग से उचक-उचककर दर्शन कर पाया था मैं भीड़ के धक्के झेलता हुआ उचक्का। 


मैं तो चलो नालायक था। दर्शनों का अधिकारी नहीं था। लेकिन दूर-दूर से आए और लोग भी थे। उन्हें तो दर्शन देते प्रभु। 


मंदिर में एक स्थान से आगे जाने के लिए नक़द चढ़ावा क्यों देना पड़ता है?  यह पैसा सरकार लेती है या कोई और? इसका किया क्या जाता है? लोग तो वैसे भी (इस पैसे के अतिरिक्त) दान-दक्षिणा देते ही हैं। यह किस किस्म की दादागिरी है? ऐसे प्रश्नों को अनुत्तरित छोड़ना ही उचित लगा मुझे।  


क़ैद में हैं भगवान!!

सोमवार, 13 दिसंबर 2021

 वे हार गए 

यह भी उनकी 

किरपा ही है।


वरना जीत तो उनके सदावत्सल चरणों में 

वंदन कर-कर लोट लोट

गई थी हार कि हे नाथ! 

मोहे ना इग्नोरो!


उनके त्रिविक्रम चरणों को आँसुओं से सींचती जीत 

छिने जाने के डर से कांप रही थी।


वे कुछ ऐतिहासिक क्षणों के लिए सिंहासन से अनारूढ़ हुए।

उन्होंने पैरों पड़ी बेचारी अबला विजय की पीठ थपथपाई, 

चरणों से उठा अपने युगबाहुओं में ले 

अपने छपंची सीने से लगाते हुए 

रोती हुई सफलता को पुचकारकर अलग करते हुए दिलासापूर्ण स्वर में बोले - 

हम 2019 में तुम्हें लेने आएँगे प्रिये! 

तब तक तुम धैर्य धरो। 

अपने सत्तरवर्षीय पुराने घर में रहो 

आख़िर वहाँ भी हमारे भाई-बंधू सखा-मित्र ही हैं। 

अभी यू हैव अ डेट विद देम!


हमारी सेना सुस्त न पड़ जाए इसीलिए यह उपक्रम है। 

वरना तुम्हारे लिए हमीं क्या कम हैं?


कुछ कुसंस्कारी भक्त तुम्हें लाइटली लेने लगे थे प्रियंके

अच्छा हुआ जो उनके 

लग गए लंके

जो स्टार परचारक बने-बने घूमते थे

मुझे रिप्लेस करने को 

भागवत चरण चूमते थे।


 

कुछ तुम्हारे हमारे 

अंक से बंक मारने से 

इवीएमीकली भी विराम रहेगा 

फिर कुछ ही माह पश्चात प्रेम परवान चढ़ेगा


वैसे भी इस हार का ठीकरा हम पर न किसी ने फोड़ा है 

आपण अभी भी लंबी रेस का घोड़ा है


जीतते तो श्रेय किंतु हमें जाता 

तड़ीपार 

फिर एक बार

मास्टरमाइंड कहलाता।


देखो 

फॉर द टाइम बीइंग

धैर्य हमने धरा है

गोकि दिल अभी न भरा है 


प्रिये अभी तुम्हें जाना होगा 

पिज़्ज़ा खाकर आना होगा


लेट देम रिमेन कॉन्फिडेंट

जिसे फिर हम करेंगे डेंट 

कर लेने दो न हमें 

कुछ नये नारे इन्वेंट।


13 दिसंबर 2018

रविवार, 12 दिसंबर 2021

 नॉरमली अपनी फोटो लगाता नहीं मैं फेसबुक पर अपनी पोस्टों के साथ। पर आज दो-दो लगा रखी हैं। थोड़े-बहुत अंतर के साथ दोनों लगभग एक जैसी हैं। चाहता तो था मैं सिर्फ़ हिमाचली टोपी की फोटो लगाना, पर बिना सिर के कैसे दिखाऊँ इस कोशिश में दो-तीन फोटो खींची भी पर मज़ा न आया। सोचा जब पहनकर ही दिखानी है तो सिर के साथ थोबड़ा भी आ ही जाए तो कोई हर्ज़ नहीं होना चाहिए। 


तो मेरी इस पोस्ट की वजह यह हिमाचली टोपी है जिसे मैंने कुछ और टोपियों के साथ नवंबर 2018 में शिमला से ख़रीदा था। आज इस ऋतु में पहली बार पहनकर जब मैं लुटियंस की दिल्ली में अशोक रोड पर टहलते और तमाशा-ए-अहले करम देखने की नाकाम कोशिश में चलता हुआ मंडी हाउस की जानिब आते हुए जनपथ के गोलचक्कर से  ज़रा पहले पहुँचा ही था कि मेरे पीछे से आते एक ऑटो वाले ने बेसाख़्ता मेरे पास पहुँचकर कुछ कहा। 


मुझे लगा कि या तो वह मुझे कोई संभावनाओं से लबरेज़ कोई सवारी समझ रहा है या दिल्ली के इस हिस्से में अक्सर न चलने के कारण कोई रास्ता, या कोठी नंबर, इत्यादि पूछ रहा है। 


अपने कानों में 70 रुपये वाला (माफ करना) चाइनीज़ हेडफोन ठूँसे हुए मैं आकाशवाणी की ख़बरें सुनता हुआ जो दिख जाए उसे देख लेने की हसरत लिये बिना कहीं पहुँचने की जल्दबाज़ी के मंथर गति से कदमताल कर रहा था। 


चूंकि मैंने उसे देख लिया था और नोटिस कर लिया था कि वह कुछ कह रहा है, अतः लाज़मी था कि मैं रुकता, अपनी दुनिया से बाहर आता और उस ऑटो वाले की दुनिया और अपनी दुनिया के बीच की द्विपक्षीय किंतु सार्वजनिक दुनिया में उससे संवाद करता और पूछता - हाँ भाई क्या है। 


मैंने अपने मोबाइल को ऑन किया। उसका लॉक खोला। आकाशवाणी के डाउनलोडेड ऐप में पहुँचकर उसमें चल रहे समाचार बुलेटिन को रोकने के लिये पॉज़ का बटन दबाया और फिर कानों में पैबस्त किसी चाइनीज़ कंपनी के 70 रुपये वाले ईयरफोन, जिसके माध्यम से मैं सुन रहा था कि पूर्वी लद्दाख में भारत-चीन सरहदी इलाक़े में बने तनाव और वर्तमान स्थिति पर हमारे विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने क्या कहा है, को अपने कानों के कुछ देर के लिये जुदा करने के बाद मैंने उस ऑटो वाले से प्रश्नवाचक स्वर में कहा - जी कहिए क्या बात है?


उसने हिमाचली में कहा (जो मुझे समझ आती है पर बोलने का अभ्यास नहीं है हालाँकि प्रोमिला जब अच्छे मूड में होती है तो मुझसे हिमाचली में ही बात करती है) कि आप कहीं जा रहे हैं तो छोड़ दूँ।


अजनबियों को अपना से लगने वाले और अपनों को अजनबी से लगने वाले इस शहर-ए-दिल्ली में अचानक आपके पास आकर कोई अनजान आदमी जब इस तरह का प्रपोज़ल दे तो उसे अक्सर इन-डीसेंट माना जाता है। 


लेकिन मेरे अंदर जो देहाती आदमी है (हालांकि मैं पैदा हुआ और पला बढ़ा दिल्ली में ही पर न जाने क्यों मुझे लगता है कि मैं कोई गँवई थाट का राग हूँ, जिसे अभी तक गाया नहीं गया) उसने बात को एकदम समझ लिया। मैंने हँसते हुए कहा - इरादा तो मेरा पैदल जाने का था, किंतु अब आप आकर रुके हैं तो चलिए मंडी हाउस के गोलचक्कर तक छोड़ दीजिए। इस पर भी ऑटो वाले ने पूछा कि क्या मुझे हिमाचल भवन जाना है।    


मैंने अपनी आदत के मुताबिक उससे पूछा तो उसने बताया कि वह हमीरपुर का है। उसने कहा आप देखने में हिमाचली लगते हो और आपकी टोपी देखकर मैंने ऑटो रोक लिया सोचा आप मेरे पहाड़ी भाई हो तो चलो आपको कहीं छोड़ देता हूँ। उसने काम्प्लीमेंट दिया - सर जी मैं हिमाचली हूँ पर आप तो मुझसे भी ज़्यादा हिमाचली लग रहे हो। मैंने इस तारीफ़ को मन-ही-मन स्वीकारते हुए अपने आपसे कहा आजकल होने का नहीं, लगने का ही ज़माना है। 


मुझे मंडी हाउस पर उतारकर सकुचाते हुए वाजिब राशि बोहनी के नाम पर स्वीकार कर वह ऑटोवाला वापिस चला गया। 


मगर उस ऑटो वाले से मुलाक़ात से कुछ पहले एक और घटना हुई थी। 


पटेल चौक पर गोल डाकख़ाने के सामनेवाले चौड़े और लुटियाना-भव्य खुलेपन से सुसज्जित फुटपाथ पर चलते हुए मुझ को सामने से एक व्यक्ति आता दिखा। वह कोई पच्चीस से तीस बरस के बीच का कोई नौजवान था मगर लुटा-पिटा। इस कोहरेदार सुबह और धीरे-धीरे बढ़ती सर्दी में वह शख्स फटेहाल तो नहीं पर अपने अल्प वस्त्रों में थोड़ा-बहुत कांपता चलता हुआ, शायद अपने भीतर जलता हुआ फिर भी बेखबर और चिंताओं से भरी किसी अन्य दुनिया में  दाखिल चल रहा था। उसने मेरी ओर देखकर भी नहीं देखा, जैसे आमतौर पर सड़क पर चलते हुए हम करते हैं। किंतु मैं उसकी ओर देखकर उसे अनदेखा न कर पाया। मन में ख़याल आया क्या मैं उसके लिये कुछ कर सकता हूँ? शायद आपने भी महसूस किया होगा कि आजकल ऐसे दिखने वाले लोगों की संख्या अचानक से बहुत बढ़ गई है। 


तो मुझे लगा कि शायद भूख लगी हो उसे तो चाय और एक ब्रेड पकौड़ा उसे ऑफ़र करूँ। पर यह हो कैसे? उससे सीधे-सीधे तो पूछा नहीं जा सकता था। हारा हुआ-सा वह नौजवान अपनी नियति से जूझ रहा था। पर ऐसा भी नहीं था कि उसने मेरी ओर सहायता की याचना-भरी दृष्टि से एक बार भी देखा हो। 


तो पहल मुझे ही करनी थी। मैं उसके रास्ते में आया और मुझे अपनी ओर आता देखकर उस व्यक्ति में एक असहजता और अपनी ख़याली दुनिया से बाहर आने की जद्दोजहद नज़र आई। वह व्यक्ति मेरे स्वागत को तैयार न था कि मुझसे पूछे जी बताएँ मैं आपके लिये क्या कर सकता हूँ। पर यकायक मेरे सामने पड़ जाने पर उसका मुझसे कोई छुटकारा भी न था। 


उसने मुझे प्रश्नवाचक दृष्टि से देखा। मैंने कहा - यहाँ आसपास कहीं ब्रेडपकौड़ा बनता है क्या?


उसने असंपृक्त लापरवाही और मेरे प्रश्न की व्यर्थता पर मानों हल्की-सी चिढ़ के साथ बड़े ही बेमन से फिर भी बिना असभ्य हुए जवाव दिया - बनता होगा। और मुझे वहीं खड़ा छोड़  वह अपने रास्ते चलता गया। उसने जो एक पुरानी सी और घिसी हुई ट्रैक पैंट जैसा जेबों वाला कई दिनों से पहना हुआ पायजामा पहन रखा था, उसकी जेब में से बीड़ी का बंडल और माचिस झाँक रहे थे।


मैं कुछ देर के लिये वहीं खड़ा उसे जाते हुए देखता रहा। अपनी असमर्थता से टक्कर हो जाने पर लाचार-सा मैं पुनः चलने लगा।


12 दिसंबर 2020

सोमवार, 6 दिसंबर 2021

 मैंने उससे कहा कि मैं तुम्हारे लिए चाँद तारे तोड़ लाऊँगा। वो बोली तोड़ लाओ। अब मुसीबत मेरी शुरू हो गई। इत्ती दूर जाएँ कैसे? इसरो से सेटिंग की। उनका वाला एक हवाई जहाज़ किराए पर लिया। फुल स्पीड पे उड़ाया। लेकिन जब तारों के पास पहुँचा तो पृथ्वी वहाँ से ओझल हो चुकी थी। और जो तारे पृथ्वी से मोतियों जैसे लग रहे थे, अब नज़दीक जाकर पता चला कि एक-एक तारा पृथ्वी से लाखों गुना बड़ा है। तारे भरने के लिए जो झोला ले गया था उसे ख़ाली ही लेकर वापिस आ रहा हूँ लेकिन समझ नहीं आ रहा कि ये पृथ्वी कौन से रूट पर है।

6 Dec 2020

बुधवार, 1 दिसंबर 2021

समर्थन

 न जाने कब से 

वो मुझसे नाता तोड़ लेना चाहती है

मैं भी यही चाहता हूँ कि वो तोड़ ही ले।


सदियों से मैं उससे दूर जाना चाहता हूँ 

वो भी इस बात पर मेरी हिमायत करती आई है कि मुझे चले ही जाना चाहिए उससे दूर।


एक-दूसरे को इसी समर्थन की वजह से हम दोनों 

एक-दूसरे के जीवन साथी हैं।

1 December 2017

शुक्रवार, 26 नवंबर 2021

 बहुत कुछ कर जाना चाहता हूँ मरने से पहले। मगर कुछ करने के लिए जीना सबसे पहली शर्त है और जीना आया ही नहीं। 


बस केवल आसन्न किंतु अदृश्य मृत्यु को टालने भर को जीता रहा हूँ अब तक। इतने भर को अपनी सक्सेस मानकर संतोष की सांस ली है, इस सफलता का जश्न मनाना तो दूर की बात ठहरी क्योंकि हरेक की तरह मैं भी, मानता तो नहीं पर जानता हूँ कि मृत्यु टाली नहीं जा सकती। 


अब कुछ यूँ सोचता हूँ कि चाय पी लूँ मरने से पहले।

26 November 2019

सोमवार, 22 नवंबर 2021

अच्छे दिन

 #वामपंथीएजेंडेवालीपोस्ट


सब कुछ बाज़ार में तब्दील होता जा रहा है। 


हम हर काम और उद्देश्य को मुनाफ़े के अभिप्राय से देखने लगे हैं और प्राइवेट सेक्टर का आगमन हर क्षेत्र में हो चुका है। ख़ासतौर पर हम आम लोगों का वास्ता सर्विस सेक्टर से अधिकाधिक पड़ता है। वहाँ प्राइवेट सेक्टर की मौजूदगी आश्वस्त करने के बजाय आतंकित करती है। 


मिसाल के तौर पर अगर रात आठ या नौ बजे आप किसी बस स्टॉप पर खड़े हैं, तो इसकी पूरी संभावना है कि आप डीटीसी या अपने शहर की सरकारी बस की प्रतीक्षा कर रहे हों क्योंकि आपको मालूम है कि अब प्राइवेट बस अपने डिपो में जाकर खड़ी हो गई होगी। ज़ाहिर है मुनाफ़ा पीक (peak) आवर्स में ही है और सर्विस से ज़्यादा प्राइवेट वालों का सरोकार मुनाफ़े से है। 


मज़े की बात यह है कि आपसे बात की जाए और आपके जनरल विचार जाने जाएँ तो आप प्राइवेटाइजेशन के समर्थक निकलेंगे। 


प्राइवेट अस्पतालों और स्कूलों का हाल किसी से छिपा नहीं। 


सरकारी अस्पतालों और स्कूलों में इमारतें अच्छी न हो, ऐसा हो सकता है और होता भी है। पर वे डॉक्टर और टीचर अनेक परीक्षाएं पास करने के बाद ही वहाँ जगह पाते हैं इसलिए मैक्सिमम क्वालिफाइड होते हैं। 


देश में ऐसे लोगों की संख्या अधिक है जो प्राइवेट ट्रीटमेंट और एजुकेशन अफोर्ड नहीं कर सकते क्योंकि अधिकतर लोग साधनहीन हैं। अच्छा और समय पर इलाज केवल प्राइवेट में मिलता है यह मानने वाले बेचारे सर्वहारा जन अपनी ज़मीने बेचकर या गहने गिरवी रखकर या एफडी तुड़वाकर इलाज करवाने या शिक्षा हासिल करने आते हैं। 


ज़ाहिर है ऐसे पैसा ख़र्च करके जो बच्चा एजुकेशन हासिल करेगा वह पहले अपना रिटर्न हासिल करना चाहेगा न कि देश और समाज की सेवा की नीयत से अपना योगदान देना चाहेगा। प्राइवेट से सीख कर निकला ऐसा कोई एक उदाहरण आपके पास है तो कमेंट में लिखिएगा। 


प्राइवेट अस्पतालों में इलाज का एक रास्ता मेडिकल इंश्योरेंस से होकर भी गुज़रता है। लेकिन उसका प्रीमियम भरने लायक पैसे से अधिक आपके पास उस तरह सोचने की सलाहियत यानी इंश्योरेंस माइंडेडनेस आपके पास होनी चाहिए जो एक बड़े तबके के पास नहीं है। 


क्योंकि नौकरियाँ कम से और कम होती गई हैं और बिज़नेस अपार्चुनिटीज़ कठिन से और कठिन। इसलिए आदमी रोज़ाना के अपने सरवाइवल के बारे में सोचेगा, मेक बोथ एंड्स मीट (making both end meet) के बारे में सोचेगा या फ्यूचर के ख़तरे के लिए सेविंग करने के बारे में? यह सेविंग गुल्लक या बैंक खाते तक ही सीमित रहती है और अब तो बैंकों का हाल भी बुरा है। 


बिज़नेस अपार्चुनिटीज़ के कठिनतर हो जाने की जो बात मैंनें की शायद आप उससे सहमत न हों। क्योंकि कहा जाता है कि मौजूदा निज़ाम व्यापार के मौक़े बढ़चढ़कर दे रहा है। इन लोगों ने तो रक्षा क्षेत्र को भी निजीकरण के लिए खोल दिया है। 


चलिए मैं आपकी बात मान लेता हूँ। लेकिन अगर मैं कोई दुकान खोलूँ और सरकार मुझे पूरी सहायता दे भी दे उस दुकान को खोलने में, तो भी प्राइवेटाइजेशन के दौर में मेरा मुक़ाबला बड़ी दुकान से है। मॉल कल्चर पसरता जा रहा है और अंततोगत्वा वह दिन दूर नहीं जब मुझे अपनी दुकान किसी मॉल में खोलनी पड़े जहाँ दुकान का पर डे (per day) किराया ही आपके लिए चुकाना भारी पड़ जाए। 


कुल मिलाकर हो यह रहा है कि बड़ी मछली छोटी मछली को खा जाएगी और खा रही है और हम जो अधिकतर छोटी मछलियाँ हैं, इसे सही ठहरा रहे हैं यानी हम अपनी संस्कृति से विमुख होते जा रहे हैं। अपने जीने के अधिकार को ख़ुशी-ख़ुशी छोड़ रहे हैं आख़िर हो क्या गया है हमें? 


सरकार को हम उसकी हर ज़िम्मेदारी से विमुख करते जा रहे हैं न जाने किस उद्देश्य की पूर्ति के लिए! 


पढ़े-लिखे लोग इसे रिफ़ॉर्म्स कह रहे हैं। 


अगर सब कुछ प्राइवेटाइज़ होता गया तो क्या एक दिन पुलिस भी प्राइवेटाइज़ हो जाएगी? 


अगर ऐसा हुआ तो कैसा होगा वह समय और समाज? 


ऐसी पुलिस की दुकान के कस्टमर कौन होंगे?

अपराधी?


अगर हम सीधे-सादे लोग पुलिस के कस्टमर कहलाएँ तो क्या पुलिस हमसे प्रोटेक्शन मनी लेगी? यानी हफ्ता वसूलेगी!!!


मान लीजिए एक युवती प्रोबैबल (probable) बलात्कारियों से बचते हुए सड़क पर भाग रही है। एक प्राइवेट पुलिस वाला उसे दीखता है। वह उससे रक्षा की याचना करती है और पुलिस वाला पहले उसे प्रॉटेक्शन चार्जेज़ के लिए ऑनलाइन पेमेंट करने को कहता है, तो ऐसा समाज कैसा समाज होगा? 


जिन्हें मैंने ऊपर प्रॉबैबल बलात्कारी कहा है, किसी रजिस्टर्ड एंटिटी (entity) के लिए वे प्रॉमिसिंग बलात्कारी भी हो सकते हैं। 


सारी मर्यादाएँ और मूल्य तथा जज़्बात केवल नफे और नुकसान में सिमटकर रह जाएँगे। 


फिर भी टैक्स बढ़ते जाएँगे और हमारे इलेक्टेड रेप्रेज़ेंटेटिव्ज़ प्राइवेट वालों के दल्ले बनकर लुटियंस के बंगलों में रंगीन रातें गुज़ारेंगे और हम इसे देश के लिए सही मानते हुए चुपचाप होम हो जाएँगे। 


ऐसे अच्छे दिनों की सरहद में हम दाखिल हो चुके हैं।

22 November 2020