नॉरमली अपनी फोटो लगाता नहीं मैं फेसबुक पर अपनी पोस्टों के साथ। पर आज दो-दो लगा रखी हैं। थोड़े-बहुत अंतर के साथ दोनों लगभग एक जैसी हैं। चाहता तो था मैं सिर्फ़ हिमाचली टोपी की फोटो लगाना, पर बिना सिर के कैसे दिखाऊँ इस कोशिश में दो-तीन फोटो खींची भी पर मज़ा न आया। सोचा जब पहनकर ही दिखानी है तो सिर के साथ थोबड़ा भी आ ही जाए तो कोई हर्ज़ नहीं होना चाहिए।
शनिवार, 12 दिसंबर 2020
बुधवार, 9 दिसंबर 2020
जब भी कोई नाट्य प्रस्तुति देखता हूँ, अभिनेताओं और निर्देशक के प्रति कृतज्ञता से भर जाता हूँ।
कई प्रस्तुतियाँ बेहद अच्छी होती हैं, कई कम अच्छी और कुछ-कुछ ऐसी भी कही जा सकती हैं जो प्रभावित न करती हों या एकदम यूँ कहें कि बेकार हों।
लेकिन एक घटिया-सी प्रस्तुति में भी काफ़ी मेहनत तो लगी ही होती है। साथ ही, उसे दर्शकों के सम्मुख लेकर आने में ग़ज़ब की हिम्मत और एक अजब-सा आत्मविश्वास चाहिए होता है।
मेरा मन उस हिम्मत और आत्मविश्वास को सलाम करने का होता है। क्योंकि यह दोनों ही मुझमें नहीं हैं।
बतौर एक रंगकर्मी मैं जब निर्देशक होने के बारे में सोचते हुए किसी कमतर-से लगने वाले नाटक को देखता हूँ, तो पाता हूँ कि इससे अच्छा तो क्या मैं कभी ऐसा नाटक भी निर्देशित नहीं कर पाऊँगा जैसा मैं देख रहा हूँ।
9 December 2020
मंगलवार, 8 दिसंबर 2020
सोमवार, 7 दिसंबर 2020
दावा और हक़ीक़त
मैंने उससे कहा कि मैं तुम्हारे लिए चाँद तारे तोड़ लाऊँगा। वो बोली तोड़ लाओ। अब मुसीबत मेरी शुरू हो गई। इत्ती दूर जाएँ कैसे? इसरो से सेटिंग की। उनका वाला एक हवाई जहाज़ किराए पर लिया। फुल स्पीड पे उड़ाया। लेकिन जब तारों के पास पहुँचा तो पृथ्वी वहाँ से ओझल हो चुकी थी। और जो तारे पृथ्वी से मोतियों जैसे लग रहे थे, अब नज़दीक जाकर पता चला कि एक-एक तारा पृथ्वी से लाखों गुना बड़ा है। तारे भरने के लिए जो झोला ले गया था उसे ख़ाली ही लेकर वापिस आ रहा हूँ लेकिन समझ नहीं आ रहा कि ये पृथ्वी कौन से रूट पर है।
6 December 2020
गुरुवार, 3 दिसंबर 2020
मैं शक्ति की ओर नहीं
3 दिसंबर 2017
शक्ति मेरी ओर नहीं है
आराधन में रह गया अभाव
न हो पाई मौलिक कल्पना
दरअसल युद्ध जैसा कुछ मैंने माना ही नहीं
जो भी था संघर्ष
थोपा गया था मुझपर
राम नहीं था मैं
और मेरी सीता मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ रही जीवन समर है
फिर क्योंकर करता मैं शक्ति की आराधना
वह शक्ति जो रावण के पास है
रहे
करे वह राज
काज मेरा केवल छोटा सा
जीवन सार्थक जीना
शक्ति आप केवल आराधन से होतीं प्रसन्न। चाहे रावण ही क्यों न हो आपका आराधक
तो क्षमा करें
आप चाहे किसी की भी ओर रहें
मैं आपकी ओर नहीं हूँ।
(राम की शक्ति पूजा पढ़ते हुए)
बुधवार, 2 दिसंबर 2020
सोमवार, 30 नवंबर 2020
डिजिटल धोखा
लेट था।
फिर भी सोचा ईएमयू कोई मिल जाए तो अच्छा हो।
अॉटो के पैसे बच जाएंगे।
काफ़ी देर तुग़लकाबाद दिखाकर व्हेयर इज़ माई ट्रेन ऐप ट्रेन को ओखला दिखा रहा था।
यानी ट्रेन निज़ामुद्दीन आने वाली थी।
घर से दो किलोमीटर होगा रेलवे स्टेशन। तेज़-तेज़ पैदल चलकर, रिक्शा के पैसे बचाकर निज़ामुद्दीन पहुँचता हुआ मैं मालगोदाम के शॉर्टकट रास्ते से स्टेशन में दाखिल हो रहा था।
मेरे और प्लैटफॉर्म दो के बीच खड़ी थी मालगाड़ी।
जोखिम लेकर पटड़ी-पटड़ी होता हुआ और न जाने किन-किन वस्तुओं से बचते-बचाते प्लैटफॉर्म 2 पर पहुँचा ही था कि
ऐप ने नया अपडेट दिखाया।
गाड़ी निज़ामुद्दीन पार कर प्रगति मैदान पहुँच चुकी थी।
यानी ऐप में निज़ामुद्दीन का ज़िकर ई कोई नी!! अपडेट करने वाला चला गया होगा चाय पीने। इस बीच रेलगाड़ी छलांग लगाकर ओखला से सीधे प्रगति मैदान पहुँच गई - बोल पवनपुत्र हनुमान की जै!!
उपन्यास राग दरबारी के पात्र रंगनाथ की याद हो आई जिसकी रोज़ 2 घंटा लेट आने वाली पैसेंजर आज मात्र डेढ घंटा लेट होकर ही चल दी थी।
पर मेरे पास तो गाड़ी की स्थिति बताने वाला ऐप था जिसे मैं पल-पल देखता हुआ, आशा भरे क़दमों से स्टेशन की ओर बढ़ रहा था। निज़ामुद्दीन स्टेशन पर मेरे दाखिल होते तक जो ऐप ट्रेन को पिछले स्टेशन यानी ओखला शो कर रहा था, वह अब अचानक से प्रगति मैदान शो करने लगा।
बोले तो गाड़ी ने फोर-जी की स्पीड को भी मात दे दी।
डिजिटल धोखा खाया
मजबूरी में अॉटो ही से दफ्तर आया।
30 November 2018

