शुक्रवार, 9 जुलाई 2021

 


https://m.facebook.com/story.php?story_fbid=10213654595258779&id=1221171385


कभी-कभी मेरा अपनी पत्नी से भी झगड़ा होता है। 


कहा-सुनी तो कई बार हुई है, दो-एक बार हाथ भी उठा है। 


मेरे अंदर एक बुनियादी मर्द कभी-कभी सभ्य साँप की तरह फन उठाता है। लेकिन यह सब इतना क्षणिक होता है कि मैं ख़ुद जान नहीं पाता कि एकाएक यह हुआ क्या।  


एक लंबे समय से ऐसा हुआ नहीं लेकिन आगे कब हो जाए पता नहीं। 

आप चाहें तो बिन मांगे जो सर्टिफिकेट मुझे देना चाहें, दें। 


यह सब ऐसे ही है कि हम कितने ही सेक्युलर क्यों न हों, हिन्दू होने के प्रत्यक्ष और परोक्ष लाभ लेने में हमें कोई गुरेज नहीं होता। कम-से-कम इतना आश्वस्त तो होते ही हैं हम कि अल्पसंख्यक न होने के कारण दंगों में तो नहीं ही मारे जाएंगे। ज़ात-पात को कितना भी न माने पर ब्राह्मण होने के लाभ जो चुपचाप बिना कहे हमें मिल जाते हैं उन्हें हम लात तो नहीं मार देते न? तो जो मर्दवादी सेटअप में हम रहते आएँ हैं उससे एकदम से छुटकारा कैसे मिलेगा भला?  


जो हो ऐसा तो कभी नहीं हुआ कि उसे ख़ून-वून निकला हो। बल्कि ख़ुद मुझे बेहद तकलीफ हुई क्योंकि गुस्से का अचानक ज्वार आपके अपने शरीर को काफी नुकसान पहुँचाता है बनिस्पत सामने वाले के। कई बार अचानक गुस्सा आने के बाद मैं बहुत देर तक ऊर्जा रहित कटे पेड़ की तरह गिरा रहा हूँ। दाँत भिंचने के बाद जबड़े वगैरह में भी काफी दर्द-वर्द होता रहा है मुझे। 


मैंने प्रोमिला से कहा भी है कि यार कभी मुझे एकदम से गुस्सा आ जाए तो मुझे बातचीत में उलझा लो, मेरे सवालों का जवाब देते जाओ। और तब मैंने महसूस किया है कि गुस्सा आने के बजाए हमारे बीच डिस्कशन होने लगता है। मैंने उससे कहा है कि देखो यूँ समझो कि मैं एक बीमार आदमी हूँ।


बचपन से चिड़चिड़ा रहा हूँ मैं। स्कूल में सहपाठियों से काफी मार खाई है और बाप ने भी खूब जी भर के पीटा है। चिड़चिड़ा इतना था कि डैडी मुझे पापड़ी कहते थे और आज भी कभी-कभी कह देते हैं। 


बहुत-सी अच्छी चीज़ें-सपने-प्रेमिकाएँ मेरे देखते-देखते, मेरी होते-होते छिन गई हैं। आज तक यह चला आ रहा है। 


मने अपने लिए सहानुभूति पैदा करने की कोशिश कर रहा हूँ आपके मन में। 


एक बार तो बाप की पिटाई से विद्रोह कर घर से भाग भी गया था। पर तीन दिन में वापस आ गया। एक्चुअली घर की याद बहुत आ रही थी। क्योंकि मीठी यादें ज़्यादा थीं। 


मेरी माँ की तब जो हालत बिगड़ी थी आज तक उस जलाल में वापस न आ पाई। और बाप तब के बाद से बिलकुल निरीह सा बन गया। बहुत तकलीफ पहुंचाई मैंने उन्हें। मैं ऐसा अपराधी हूँ कि वे मुझे कोई सज़ा भी नहीं दे सकते और मेरे अपराध की सज़ा खुद ही भुगत रहे हैं। संतान भी क्या चीज़ होती है न!  


आज सुबह बेटे को एक थप्पड़ जमाया। वो हैरानी से मेरी तरफ देखता रहा। 


नौ साल का वह लड़का मेरे थप्पड़ से रोने के बजाए सोच में पड़ गया कि यह जो मेरा बाप है मुझसे इतना प्यार करता है तो फिर कभी-कभी मारता काय को है। दीदियों को कुछ नहीं कहता। 


पर एक मिनट न लगाया उसने यह सब भूलने में और उसके बाद हम बाप-बेटा साथ में नहाए और उसने मेरे थप्पड़ को कोई भाव न देते हुए अल्टीमेटम दे दिया कि बाप 

जो माँगूँगा लाकर दोगे आप। 

समझे? 


मेरी क्या बिसात कि न समझूँ। 


हाँ भई लड़ाई होती रहती है हम दोनों पति-पत्नी में। पर हम दोनों ही एक-दूजे के बिना नहीं रह सकते क्योंकि मीठी यादें ज़्यादा हैं। 


जब मैं यह पोस्ट लिख रहा हूँ मेरी बीवी इसे साथ-साथ पढ़ रही है मेरे कंधे पर अपना गाल टिकाए। वो हँस रही है क्योंकि वो जानती है मुझे कि मैं उससे क्षमा मांगने में एक क्षण नहीं लगाता और पिछले दसेक वर्षों में तो ख़ुद को बेहद बदलने की कोशिश की है मैंने। 


एक अच्छी बात यह रही कि हमारे बीच लड़ाई-झगड़े बेहद आम सी बातों पर हुए न कि किसी गैर औरत या मर्द के पीछे। और न ही यह लड़ाई कभी पैसे के पीछे और न ही उसके मायके वालों को लेकर हुई। दहेज-वहेज का मामला भी रहा नहीं कभी। 


और यह भी कि इस पोस्ट को लिखते समय बिस्तर बिछाने की बात पर हमारी लड़ाई होते-होते बची। 


पोस्ट ठीक से लिख पाऊँ और सच स्वीकारने का माद्दा मुझमें रहे इसलिए प्रोमिला ने खजूर, गुड़ के सेव, पापड़ी और सफ़ेद मीठे फुल्ले-से जिन्हें कई बार चने के साथ खाया जाता है, मेरे पास रख दिये हैं ताकि मैं खाते-खाते लिखूँ और स्टेमिना न लूज़ कर जाऊँ। 


मेरे जीवन में जो चंद बेहद अच्छी बातें-चीज़ें हुई हैं प्रोमिला उनमें से एक बेहद आशीर्वाद-स्वरूप मुझे मिली है। उसे क्या मिला है, वो जाने। 


अब मैं किसको जाकर पाठ पढ़ाऊँ और किसकी निंदा-आलोचना कर ख़ुद को उल्लू का पट्ठा प्रगतिशील साबित करूँ।

गुरुवार, 20 मई 2021

 दिल की पुकार तुम तक पहुँचाने में फेफड़े भी मिरे हलकान हुए

पर तुम्हारे कानों में सुनने का जिगर गुर्दा न था।



24 May 

हलकान हुए फेफड़े भी मिरे
पहुँचाने को आवाज़-ए-दिल
पर तुम्हारे कानों में
सुनने का जिगर गुर्दा न था।

शनिवार, 10 अप्रैल 2021

अनुपमा धर्मेंद्र देवर और देवेन वर्मा

 हृषिकेश मुखर्जी निर्देशित हिंदी फ़िल्म  'अनुपमा' देख रहा था कि फ़िल्म में देवेन वर्मा की एन्ट्री आते ही फ़िल्म आगे देखने के बजाय, इस फ़िल्म को देखने पर जो दिलचस्पी बढ़ रही है आपसे शेयर करने का लोभ हुआ।

10 अप्रैल 2020

मैं हैरान हूँ कि यह फ़िल्म मैंने अब तक क्यों नहीं देखी थी। शायद इसलिए क्योंकि मैंने बहुत कम फ़िल्में देखी हैं। 


संभवतः यह हृषिकेश दा की पहली निर्देशित फिल्म है। इसे उन्होंने बिमल दा ( विमल रॉय) को समर्पित किया है जिनके वे असिस्टेंट थे।


अभी तक की फ़िल्म बेहद नपीतुली है। खिड़की के परदे तक आधा इंच फ़ालतू नहीं हिलते। अभिनेताओं की भाव-भंगिमाएं ग़ज़ब तौर पर संयत और स्वाभाविक हैं। कैमरा मूवमेंट बिल्कुल स्मूद और सधी हुई। कैमरा प्लेसमेंट भी मन के भावों को उभारती हुई। हेमंत कुमार का  संगीत फ़िल्म की गरिमा और भावों को और स्पष्टता से मन तक ले जाता है।  


फ़िल्म में जैसे ही देवेन वर्मा दाखिल होते हैं, मुझे याद आया शर्मिला टैगोर, देवेन वर्मा और धर्मेंद्र ने फ़िल्म 'देवर' में भी एक साथ काम किया है। 


फ़िल्म 'देवर' 'अनुपमा' से पहले आई थी या बाद में, यह मुझको ध्यान नहीं। चूंकि मैंने पहले 'देवर' देखी है, इसलिए कृपया मेरी क्रोनोलॉजी इसी प्रकार से समझिए।


'देवर' अपने कथ्य को लेकर मेरे लिए एक हिंदी फ़िल्मों के संबंध में एक इलहाम जैसी थी। भला किस फ़िल्म में ऐसा देखा होगा कि शादी के लिए लड़की देखने आया हीरो लड़की से मोंपासा के साहित्य पर सवाल पूछे? और ख़ास बात यह कि हीरो को ख़ुद मोंपासा के साहित्य का कोई अता-पता नहीं है, इस बात पर वह नर्वस है। प्लीज़, मैं फ़िलहाल जेंडर क्वेश्चन को यहाँ डिस्कोर्स में नहीं ला रहा। वरना बात किसी अन्य दिशा में मुड़ जाएगी। 


तो 'देवर' में देवेन वर्मा ने जिस तरह का खलनायकी क़िरदार निभाया है वह उनकी अभिनय क्षमता की बेहतरीन बानगी पेश करता है। इससे पहले मैं उन्हें हास्य कलाकार ही जानता था। 


'देवर' से पहले धर्मेंद्र की एक फ़िल्म आई थी 'फूल और पत्थर'। निर्देशक ने धर्मेंद्र की हीमैन जैसी, ग्रीक गॉड्स से मेल खाती शानदार पर्सनैलिटी को इस फ़िल्म में अत्यंत ख़ूबसूरती से इस्तेमाल किया था। यह फ़िल्म धर्मेंद्र के लिए भी संग-ए-मील साबित हुई। धर्मेंद्र चाहते तो एंग्री यंग मैन जैसी छवि में बंध सकते थे लेकिन नहीं। 'फूल और पत्थर' के बाद 'देवर' आई जिसमें संस्कारों और परिस्थितियों के आगे मजबूर व्यक्ति का सजीव चित्रण धर्मेंद्र ने अपनी अदाकारी के ज़रिए किया है। 


धर्मेंद्र अभिनीत 'फूल और पत्थर' के सामने अमिताभ बच्चन अभिनीत 'ज़ंजीर' फिल्मांकन, कथ्य और उद्देश्य के दृष्टिकोण से काफ़ी कमज़ोर फ़िल्म है बाय द वे। धर्मेंद्र जिस प्रतिष्ठा के हक़दार थे वह उन्हें नहीं मिली। जिस तरह की फ़िल्में उन्हें ध्यान में रखकर लिखी जानी चाहिए थी, नहीं लिखी गई। कहना चाहिए कि धर्मेंद्र की ज़मीन से जुड़े रहने की प्रकृति और स्वाभाविक विनम्रता भी उनकी अपनी संपूर्ण संभावनाओं का खनन करने में बाधा बनी होगी। ख़ैर...। 


बैक टू 'अनुपमा'

शर्मिला टैगोर का पर्सोना एस्टैब्लिश हो चुका है। 

देवेन वर्मा अपने पात्र की पृष्ठभूमि के साथ पट पर प्रस्तुत हो गए हैं। धर्मेंद्र अभी तक नहीं आए हैं। आने वाले होंगे। 

फ़िल्म देखने में मज़ा आने वाला है।

शनिवार, 20 मार्च 2021

मनोहर पर्रिकर साहब को नमन

20 मार्च 2019


पर्रिकर साहेब इस दुनिया-ए-फानी को अलविदा कह गए हैं।

फेसबुक उन्हें दी जाने वाली श्रद्धांजलियों से पटा पड़ा था।
यहाँ तक कि जो कभी गोवा न गये हों, न ही मनोहर पर्रिकर ने क्या-क्या काम किए इसके बारे में उन्हें ठीक से मालूम हो, वे भी श्रद्धा अर्पित करने में पीछे न रहे होंगे, दिस इज़ मेरा मानना।
इट लुक्ड लाइक ही वाज़ द हरमन प्यारा नेता अॉफ द कंट्री, मतलब नेशन।
तो मेरे मन में प्रश्न उभरा,
वे देश के प्रधानमंत्री क्यों नहीं बने?
भाजपा जो उनके बारे में आमूलचूल जानती रही होगी, क्यों नहीं उन्हें अपने पीएम कैंडिडेट के रूप पेश कर पाई?
शायद इसलिए क्योंकि बंदे में कब्रिस्तान और श्मशान वाली किलर इंस्टिंक्ट नहीं थी।
(बड़े-से-बड़े भक्तेंद्र भी चुपचाप स्वीकार करते मिलेंगे कि पोल्टिक्स तो काम ही ग़ुंडो का ऐ जी!!)
अगर मनोहर पर्रिकर होते हमारे पीएम तो क्या देश की तस्वीर कुछ अलग न होती?
वे हमारी सेनाओं और इंस्टिट्यूशंस का पॉलिटिकल इस्तेमाल नहीं करते।
भारतीय सेनाओं की कामयाबी को बीजेपी की कामयाबी न बताते और न ही हर बात के लिए नेहरू को कोसकर साफ़ बच निकलने की भगौड़ी रणनीति अपनाते।
कुछ भी अगड़म-बगड़म बोल जाने वाले मोदी को जिस तरह मरी-गिरी और मोदी की नाकामियों से फिर से लगभग जी उठी काँग्रेस की चौकीदार वाली पिच पर आकर बैटिंग करनी पड़ रही है, वो न हो रहा होता अगर पर्रिकर देश के नेता होते तो।
क्या रोज़गार के सवाल पर वे आपसे पकौड़े तलवाते?
पाँच साल में जो अकूत दौलत हासिल की गई है, उससे तिकड़मबाज़ी कर भाजपा जीत भले जाए, पर माहौल पिछली बार का दस फीसदी भी नहीं है।
यह अजब बात है कि
दो वक्त की रोटी का जो मुश्किल से जुगाड़ कर पाता है
वही मतदाता चुनाव में भारत भाग्य विधाता कहलाता है।
मेरे ख़्याल में पर्रिकर को सच्चा श्रद्धा अर्पण यही होगा कि भारत भाग्य विधाता इस सरकार से पूछे -
राफेल डील में पीएमओ द्वारा रक्षा मंत्रालय को दरकिनार कर पैरेलल फील्डिंग क्यों की जा रही थी?
पुलवामा में मारे गये सीआरपीएफ जवानों को अपने परिवार के सदस्य समझकर हम बार-बार यह सवाल उठाते रहें कि चूक के लिए कौन ज़िम्मेदार है? और वोट देते समय भी यही बात मन में रखें।
किसी पार्टी से ऊपर रखें देश को, भले ही नोटा दबाना पड़े।
अंत में, मेरा भी पर्रिकर साहब को सिम्पल-सा नमन है।

मंगलवार, 2 मार्च 2021

किरण मैम के लिये

एक न एक दिन तो जाना ही था तुम्हें

 

तुम

जो अनंतकाल से बाट जोह रही थी कि न आओ

तो आ गया वो दिन कि जब तुम नहीं हो

 

क्या इसी दिन के लिए ही तो नहीं की थी वापसी मैंने

कि देखने को फिर से खाली नए शीशे से चमचमाता टेबल

कि खाली-खाली-सा मैं और चुप दराजें, और फ़ाईले

 

क्या फिर उन क्षणों को खींच लाने या उनमें जीने की चाह करूँ

असफल

अंतिम विदा बाक़ी है अभी

जिसे लेने कि तुम्हारी बेचैनी को समझ सकते हुए भी नहीं चाहता मैं समझना

 

मैं रुक कर तुम्हारी अनुपस्थिति से सिक्त होना चाहता हूँ

भीगता था जो तुम्हारी मौजूदगी में भी... 


2 मई 2011 

सोमवार, 8 फ़रवरी 2021

गुलाब, प्रपोज़ डे और चॉकलेट डे को समर्पित मेरी वैसी ऐसी पोस्ट

 

#मेरीवैसीऐसीपोस्ट



कल सोचा था कि तुम्हें गुलाब भेंट करूँगा, लेकिन तुम्हें बड़ौदा हाउस से 6.40 वाली बस मिल गई और मेरे आने से पहले तुमको बस की खिड़की के बगल वाली सीट मिल चुकी थी और रेल के इंजन के मॉडल के पास खड़ा, जाती हुई बस को देखता रह गया मैं।


रेल के उस इंजन के मॉडल को रोज़ धो-पोंछकर, दुलारकर, पेंट वगैरह करके चमका कर रखा जाता है मगर वो इंजन न तो किसी डिब्बे के काम का है न ही उस कमबख़्त को ख़ुद अकेले ही कहीं जाना है। उसे बस खड़े-खड़े वहीं सीटी मारकर ख़ुश हो लेना है। उस इंजन के पास खड़ा मैं ख़ुद को बहुत बेइंजन महसूस कर रहा था – बिफोर इंटरवल 'छोटी सी बात' के अमोल पालेकर जैसा। मैं दुआ कर रहा था कि बस की खिड़की से बाहर देखती तुम 'न जाने क्यूँ होता है ये ज़िंदगी के साथ' गाने की पंक्तियाँ गुनगुना रही हो।  


मंडी हाउस के कोपरनिकस मार्ग पर लुटियंस की दिल्ली के बाक़ी हिस्सों की तरह सेंट्रल विस्टा का काम चल रहा है। इस कारण सारे फुटपाथ खुदे पड़े हैं। जब तक उन्हें अपने डगमगाते क़दमों से मैं पूरा नाप पाता तब तक तुम निकल गईं।


वह गुलाब आज भी मेरे बैग में है। सोचा, वेस्ट क्यों करूँ। आज ले लोगी न कल का गुलाब?

 

मैं आज तुम्हें प्रपोज़ करना चाहता हूँ कि तुम जब भी गुलाब का फूल लोगी, मुझी से लोगी। अगर तुम स्वीकार कर लो तो बड़ौदा हाउस से ऑटो लेकर अपन दोनों कस्तूरबा गाँधी मार्ग से होते हुए कनॉट प्लेस चलेंगे और रिवोली के पास हनुमान मंदिर पर कुल्हड़ में चाय पियेंगे।

 

और सुनो, चॉकलेट मुझे पसंद नहीं है, डैडी बचपन से ही कहते आए हैं चॉकलेट खाने से दाँत ख़राब हो जाते हैं। वो कहते हैं कोई फ्रूट वग़ैरह खाना चाहिए। सेहत बनाने वाली चीज़ें खानी चाहिए। इसलिये कल चॉकलेट डे पर मैं डेयरी मिल्क की सत्तर रुपये वाली चॉकलेट ख़रीदने की बजाय मदर डेयरी से 70 रूपये का पैक पनीर ख़रीद लूँगा। हम दोनों सेंट्रल पार्क में धूप सेंकते हुए पनीर पर काला नमक छिड़ककर खाएँगे। टूथपिक तुम लेती आना, मुझसे गुम जाती हैं।

 

शुक्रवार, 15 जनवरी 2021

नमस्ते-प्रहार

15 जनवरी 2020

हवाई जहाज़ में दाखिल होने पर 

एयरहोस्टेस या होस्ट स्वागत के लिए खड़े रहते हैं। और कामों के अलावा यह भी इनका रोज़मर्रा का काम होता है। 


यात्राओं में साथ रहकर, यात्रा की थकन के बावजूद इन्हें फ्रेशम्-फ्रेश दिखना होता है और चेहरे पर मुस्कान चस्पा यूं रखनी होती है मानों अभी-अभी स्पा से आए हों।


लेकिन साहब रोज़म-रोज़ एक जैसा काम करके बोरियत अगर नहीं भी आए तो भी मशीनीकरण तो हो ही जाता है बंदे का। 


एयर इंडिया में ख़ास तौर पर 

और दीगर एयरलाइनों में आमतौर पर नमस्ते करने के लिए खड़े यह व्यक्ति कुछ यूँ नमस्ते करते हैं गोया ट्रेडमिल पर ख़ासम-ख़ास पीसेज़ की पहचान कर रहे हों। 

 

यात्री अभी जहाज़ की देहरी से कुछ ही फ़ासले पर होता है कि यह अँदाज़ा लगा लेते हैं कि इसे नमस्ते मारनी है कि नहीं। 

यदि नहीं, तो इधर-उधर मुँह घुमाकर बिज़ी हो जाते हैं और अगले शिकार को ताड़ने लगते हैं। 


यदि आप इनके नमस्ते-प्रहार से बच गए हैं तो इसका मतलब है आप भाषा में न सही, भेस में भी न सही, पर दिखने में भदेस हैं। 


इस प्रकार एनआरसी के इस सैंपल टेस्ट में ख़ुद को पास समझिए।