दिल की पुकार तुम तक पहुँचाने में फेफड़े भी मिरे हलकान हुए
पर तुम्हारे कानों में सुनने का जिगर गुर्दा न था।
24 May
हृषिकेश मुखर्जी निर्देशित हिंदी फ़िल्म 'अनुपमा' देख रहा था कि फ़िल्म में देवेन वर्मा की एन्ट्री आते ही फ़िल्म आगे देखने के बजाय, इस फ़िल्म को देखने पर जो दिलचस्पी बढ़ रही है आपसे शेयर करने का लोभ हुआ।
10 अप्रैल 2020
मैं हैरान हूँ कि यह फ़िल्म मैंने अब तक क्यों नहीं देखी थी। शायद इसलिए क्योंकि मैंने बहुत कम फ़िल्में देखी हैं।
संभवतः यह हृषिकेश दा की पहली निर्देशित फिल्म है। इसे उन्होंने बिमल दा ( विमल रॉय) को समर्पित किया है जिनके वे असिस्टेंट थे।
अभी तक की फ़िल्म बेहद नपीतुली है। खिड़की के परदे तक आधा इंच फ़ालतू नहीं हिलते। अभिनेताओं की भाव-भंगिमाएं ग़ज़ब तौर पर संयत और स्वाभाविक हैं। कैमरा मूवमेंट बिल्कुल स्मूद और सधी हुई। कैमरा प्लेसमेंट भी मन के भावों को उभारती हुई। हेमंत कुमार का संगीत फ़िल्म की गरिमा और भावों को और स्पष्टता से मन तक ले जाता है।
फ़िल्म में जैसे ही देवेन वर्मा दाखिल होते हैं, मुझे याद आया शर्मिला टैगोर, देवेन वर्मा और धर्मेंद्र ने फ़िल्म 'देवर' में भी एक साथ काम किया है।
फ़िल्म 'देवर' 'अनुपमा' से पहले आई थी या बाद में, यह मुझको ध्यान नहीं। चूंकि मैंने पहले 'देवर' देखी है, इसलिए कृपया मेरी क्रोनोलॉजी इसी प्रकार से समझिए।
'देवर' अपने कथ्य को लेकर मेरे लिए एक हिंदी फ़िल्मों के संबंध में एक इलहाम जैसी थी। भला किस फ़िल्म में ऐसा देखा होगा कि शादी के लिए लड़की देखने आया हीरो लड़की से मोंपासा के साहित्य पर सवाल पूछे? और ख़ास बात यह कि हीरो को ख़ुद मोंपासा के साहित्य का कोई अता-पता नहीं है, इस बात पर वह नर्वस है। प्लीज़, मैं फ़िलहाल जेंडर क्वेश्चन को यहाँ डिस्कोर्स में नहीं ला रहा। वरना बात किसी अन्य दिशा में मुड़ जाएगी।
तो 'देवर' में देवेन वर्मा ने जिस तरह का खलनायकी क़िरदार निभाया है वह उनकी अभिनय क्षमता की बेहतरीन बानगी पेश करता है। इससे पहले मैं उन्हें हास्य कलाकार ही जानता था।
'देवर' से पहले धर्मेंद्र की एक फ़िल्म आई थी 'फूल और पत्थर'। निर्देशक ने धर्मेंद्र की हीमैन जैसी, ग्रीक गॉड्स से मेल खाती शानदार पर्सनैलिटी को इस फ़िल्म में अत्यंत ख़ूबसूरती से इस्तेमाल किया था। यह फ़िल्म धर्मेंद्र के लिए भी संग-ए-मील साबित हुई। धर्मेंद्र चाहते तो एंग्री यंग मैन जैसी छवि में बंध सकते थे लेकिन नहीं। 'फूल और पत्थर' के बाद 'देवर' आई जिसमें संस्कारों और परिस्थितियों के आगे मजबूर व्यक्ति का सजीव चित्रण धर्मेंद्र ने अपनी अदाकारी के ज़रिए किया है।
धर्मेंद्र अभिनीत 'फूल और पत्थर' के सामने अमिताभ बच्चन अभिनीत 'ज़ंजीर' फिल्मांकन, कथ्य और उद्देश्य के दृष्टिकोण से काफ़ी कमज़ोर फ़िल्म है बाय द वे। धर्मेंद्र जिस प्रतिष्ठा के हक़दार थे वह उन्हें नहीं मिली। जिस तरह की फ़िल्में उन्हें ध्यान में रखकर लिखी जानी चाहिए थी, नहीं लिखी गई। कहना चाहिए कि धर्मेंद्र की ज़मीन से जुड़े रहने की प्रकृति और स्वाभाविक विनम्रता भी उनकी अपनी संपूर्ण संभावनाओं का खनन करने में बाधा बनी होगी। ख़ैर...।
बैक टू 'अनुपमा'
शर्मिला टैगोर का पर्सोना एस्टैब्लिश हो चुका है।
देवेन वर्मा अपने पात्र की पृष्ठभूमि के साथ पट पर प्रस्तुत हो गए हैं। धर्मेंद्र अभी तक नहीं आए हैं। आने वाले होंगे।
फ़िल्म देखने में मज़ा आने वाला है।
20 मार्च 2019
पर्रिकर साहेब इस दुनिया-ए-फानी को अलविदा कह गए हैं।
एक न एक दिन तो जाना ही था तुम्हें
तुम
जो अनंतकाल से बाट जोह रही थी कि न आओ
तो आ गया वो दिन कि जब तुम नहीं हो
क्या इसी दिन के लिए ही तो नहीं की थी वापसी मैंने
कि देखने को फिर से खाली नए शीशे से चमचमाता टेबल
कि खाली-खाली-सा मैं और चुप दराजें, और फ़ाईले
क्या फिर उन क्षणों को खींच लाने या उनमें जीने की चाह करूँ
असफल
अंतिम विदा बाक़ी है अभी
जिसे लेने कि तुम्हारी बेचैनी को समझ सकते हुए भी नहीं चाहता मैं समझना
मैं रुक कर तुम्हारी अनुपस्थिति से सिक्त होना चाहता हूँ
भीगता था जो तुम्हारी मौजूदगी में भी...
2 मई 2011
#मेरीवैसीऐसीपोस्ट
कल सोचा था कि
तुम्हें गुलाब भेंट करूँगा, लेकिन तुम्हें
बड़ौदा हाउस से 6.40 वाली बस मिल गई और मेरे आने से पहले तुमको बस
की खिड़की के बगल वाली सीट मिल चुकी थी और रेल के इंजन के मॉडल के पास खड़ा, जाती हुई बस को देखता रह गया मैं।
रेल के उस इंजन के मॉडल को रोज़ धो-पोंछकर, दुलारकर, पेंट वगैरह करके चमका कर रखा जाता है मगर वो इंजन न तो किसी डिब्बे के काम का
है न ही उस कमबख़्त को ख़ुद अकेले ही कहीं जाना है। उसे बस खड़े-खड़े वहीं सीटी
मारकर ख़ुश हो लेना है। उस इंजन के पास खड़ा मैं ख़ुद को बहुत बेइंजन महसूस कर रहा
था – बिफोर इंटरवल 'छोटी सी बात' के अमोल पालेकर जैसा। मैं दुआ कर रहा था कि बस की खिड़की से बाहर देखती तुम 'न जाने क्यूँ होता है ये ज़िंदगी के साथ' गाने की
पंक्तियाँ गुनगुना रही हो।
मंडी हाउस के कोपरनिकस मार्ग पर लुटियंस की
दिल्ली के बाक़ी हिस्सों की तरह सेंट्रल विस्टा का काम चल रहा है। इस कारण सारे
फुटपाथ खुदे पड़े हैं। जब तक उन्हें
अपने डगमगाते क़दमों से मैं पूरा नाप पाता तब तक तुम निकल गईं।
वह गुलाब आज भी मेरे बैग में है। सोचा, वेस्ट
क्यों करूँ। आज ले लोगी न कल का गुलाब?
मैं आज
तुम्हें प्रपोज़ करना चाहता हूँ कि तुम जब भी गुलाब का फूल लोगी, मुझी से लोगी। अगर तुम स्वीकार कर लो तो
बड़ौदा हाउस से ऑटो लेकर अपन दोनों कस्तूरबा गाँधी मार्ग से होते हुए कनॉट प्लेस
चलेंगे और रिवोली के पास हनुमान मंदिर पर कुल्हड़ में चाय पियेंगे।
और सुनो, चॉकलेट मुझे पसंद नहीं
है, डैडी बचपन से ही कहते आए हैं
चॉकलेट खाने से दाँत ख़राब हो जाते हैं। वो कहते हैं कोई फ्रूट वग़ैरह
खाना चाहिए। सेहत बनाने वाली चीज़ें खानी चाहिए। इसलिये कल चॉकलेट डे पर मैं डेयरी
मिल्क की सत्तर रुपये वाली चॉकलेट ख़रीदने की बजाय मदर डेयरी से 70 रूपये का पैक
पनीर ख़रीद लूँगा। हम दोनों सेंट्रल पार्क में धूप सेंकते हुए पनीर पर काला नमक
छिड़ककर खाएँगे। टूथपिक तुम लेती आना, मुझसे गुम जाती हैं।
15 जनवरी 2020
हवाई जहाज़ में दाखिल होने पर
एयरहोस्टेस या होस्ट स्वागत के लिए खड़े रहते हैं। और कामों के अलावा यह भी इनका रोज़मर्रा का काम होता है।
यात्राओं में साथ रहकर, यात्रा की थकन के बावजूद इन्हें फ्रेशम्-फ्रेश दिखना होता है और चेहरे पर मुस्कान चस्पा यूं रखनी होती है मानों अभी-अभी स्पा से आए हों।
लेकिन साहब रोज़म-रोज़ एक जैसा काम करके बोरियत अगर नहीं भी आए तो भी मशीनीकरण तो हो ही जाता है बंदे का।
एयर इंडिया में ख़ास तौर पर
और दीगर एयरलाइनों में आमतौर पर नमस्ते करने के लिए खड़े यह व्यक्ति कुछ यूँ नमस्ते करते हैं गोया ट्रेडमिल पर ख़ासम-ख़ास पीसेज़ की पहचान कर रहे हों।
यात्री अभी जहाज़ की देहरी से कुछ ही फ़ासले पर होता है कि यह अँदाज़ा लगा लेते हैं कि इसे नमस्ते मारनी है कि नहीं।
यदि नहीं, तो इधर-उधर मुँह घुमाकर बिज़ी हो जाते हैं और अगले शिकार को ताड़ने लगते हैं।
यदि आप इनके नमस्ते-प्रहार से बच गए हैं तो इसका मतलब है आप भाषा में न सही, भेस में भी न सही, पर दिखने में भदेस हैं।
इस प्रकार एनआरसी के इस सैंपल टेस्ट में ख़ुद को पास समझिए।
एक्सीडेंटल था
उस पर किसी और का कंटरोल था
जे बातें ऐसे बता रए जैसे
आम लोगन कू पैले से पतो ई न था।
एक्सीडेंटल न होकर सुनियोजित होता तो उस पर किसी और का कंट्रोल
नहीं होता क्या?
जे वाला बेलगाम हैगा क्या?
बेलगाम कोई न होत्ता,
बस यू देखना पड़े के यो लगाम ससुरी है किसके हाथ मै।
आम जन के हाथ में लगाम न होती कभी। उनके हाथ में तो केवल लगान होता है
ये बात आम जन और मैंगो पीपुल सब कू मालूम है
कोई सिकायत भी न करता इस बात की ।
इसी को शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व कहवें (जादा एक्सप्लेन 'उखाड़ लेंगे' वाली पंक्ति के बाद किया गया हैगा)।
तो, जे जो नियोजित किया गया है न,
जे जो एक्सीडेंटल नाय हैगो,
इसके बी सब सीक्रेट सब कू मालूम ऐ।
इसके भक्तों को बी मालूम हैंगे (जैसे उसके भक्तों को मालूम थे)।
कई तो इसके भक्त हैं ही इसीलिए के उन्हें वो सब मालूम है।
उन भक्तों को चईए ई ऊ।
विकास लेके ऊ के करेंगे?
स्वच्छता अभियान के उनके अपने मतलब हैंगे।
सब कौ पतौ जे नियोजित है और आन वारा बी नियोजित ई होएगो।
एक्सीडेंटल बी होयगो तौ हम्म के उखाड़ लेंगे।
---
शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का अर्थ है आप इन्सेक्योर रहें और वो सेक्योर।
आप सिर्फ इसी बात से सुरक्षित महसूस करें के उसकी निगाह आप पर न पड़ी।
वरना वो जब चाहे आपको मार दें और आप चूँ न करें और कातिलों को थैंक यू कहें कि वो और बुरी तरह से आपको मार सकते थे लेकिन उन्होंने बख्श दिया।
आपमें ऐसी दिव्य भावना की मौजूदगी को वो समय-समय पर दंगों, इंकुइरी (inquiry) इत्यादि से टेस्ट करता रहता है और शासित होने का शार्ट टर्म कोर्स आपको करवाता रहता है।
आप डर-कर-मर-कर टाइम पास करते हैं। सामने से आता कोई आपका कुशल मंगल पूछता है तो आप कह देते हो - ठीक ही चल रहा है सब।
29 December 2018