सोमवार, 7 फ़रवरी 2011


मुख-पोथी पढ़-पढ़ जग मुआ
फ्रेंड भया न कोय

एक्चुअल बही खाता पढ़ो
फेस देख भय होए 

बातें उसकी भा जाए यही आज का ट्रेंड
फेसबुक पर आ जाए तभी हमारा फ्रेंड

फ्रेंड ऐसा चाहिए जो मिलकर पढे यह बुक
ए चलती क्या खंडाला बात करे दो टूक

शुक्रवार, 4 फ़रवरी 2011

उल्लू से गधे तक


गर विधाता ने हमको उल्लू न गढ़ा होता
तो हमने फेसबुक की जगह फेस पढ़ा होता
इन देट केस हमारा बेस बड़ा होता
टैलंट हमारा बेकार न सड़ा होता
कोई हमारे लिए भी खड़ा होता

हमसे तो अच्छा है रट्टू तोता
ओ जी रह ग्या मैं खोते का खोता

शनिवार, 8 जनवरी 2011


तुम जो हुए मेरे हमसफ़र मैंने रस्ता बदल दिया 
इस्कूल की किताबों वाला बस्ता बदल दिया 

'दिया' कि जगह 'लिया' करें तो टेर का मानी कुछ बदल जाता है (गौरतलब है कि मैं एक टायर हूँ और टेर कहता हूँ )

तुम जो हुए मेरे हमसफ़र मैंने रस्ता बदल लिया
इस्कूल की किताबों वाला बस्ता बदल लिया 

शुक्रवार, 7 जनवरी 2011

फैज़ अंकल से हुई बात-चीत

मैं ऊपर गया था.

स्पेसबुक में एक पेज बुक है न सबके वास्ते
बस वहीं तक खुल गए थे मेरे रास्ते

फैज़ू अंकल से पूछा मैंने
मुहब्बत माँगने से क्यों रोका तैने
और क्या-क्या नहीं माँगना है
दिल के कटोरे को क्या अलगनी पे टाँगना है?
मैने कही के
मेरे तो माँगने पे भी कोई इनवीटेशन नहीं आत्ता
याए जीने से अच्छो तू भाड़ में काए नई जात्ता

उन्होंने कहा मुहब्बत माँगने से कहाँ रोका मैंने
यार मेरे गलत सुनली तैने
बस पहली सी मुहब्बत न  माँग
दिल को चाहे कहीं भी टाँग

कहा नहीं कुछ उन्होंने राँग
जब कुएँ में ही पड़ गई भाँग
शोर मचाने लग गए साँग
नाक हो गई सबकी लाँग
तो मेरे, इसके, उसके और न जाने किस-किसके
महबूब
भईया पहली सी मुहब्बत न माँग

गुरुवार, 6 जनवरी 2011

दरख्तों ने किया परस्पर
संवाद रात भर

थी फिजा सर्द
और बहस गर्म

मंथन गहन
वाद-प्रतिवाद
रहा गई कसर बस
उगलने को आग
शायद आज बैठी थी
महापंचायत

आरोप - प्रत्यारोप
वायु का प्रकोप
असंख्य आवाजें
पर धुन थी एक
क्या कर रहे थे वे समूह गान
या शायद
विलाप?

अचानक हवा थम गई
मानों बर्फ सी जम गई

शायद निर्णय किया जा चुका था
हवा के जोर से खुद को बचाते
चीखते - चिल्लाते मनुष्य
दैत्य-दानव देवता गंधर्व किन्नर
रूदन करती सर - मुंह ढके महिलाएं
आकृतियाँ
पुनः दरख़्त बन चुके थे

निर्णय हुआ शायद
कि अंत समीप है
सो किया कुछ जा नहीं सकता
अँधा युग के प्रहरी की तरह
बस देखा जा सकता है
जगत तमाशा

सो इसे चलने दो
इस रात को अब ढलने दो

गुरुवार, 25 नवंबर 2010

जब-जब मैंने उसे फ़ोन किया

एक मशीनी आवाज़ ने मुझको
थोड़ी देर इंतज़ार करने को कहा
या फिर थोड़ी देर में डायल करने को

इंतज़ार तो मैंने सदियों किया है...

बाद में फ़ोन करने पर
पता चला
उसकी लाइन कहीं और मिल गई है...

सूचना क्रांति के इस शोरो गुल में
कोई मेरी आवाज़ नहीं सुनेगा
नेटवर्क बिजी रहेगा

आखिर कोई कितने रिचार्ज  ऑप्शंस अपनाए
कितने सिम बदले
ज़िन्दगी सम पर नहीं आती
विषम है संवाद

बेहतर है
मैं अपना फ़ोन स्विच ऑफ़ कर दूं ...

बुधवार, 24 नवंबर 2010

बस यही सोच कर
तुम चलते रहो
कि आगे चलकर रास्ता
खुद-ब-खुद चलता चला जाएगा
मंजिलें होंगी
तुम्हारी हमसफ़र
जो छोड़ आएंगी तुम्हें
वहीँ
जहां से तुम चले थे